Home > खेल > फिट हुआ भारत का स्टार क्रिकेटर, अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में करेगा वापसी! बुमराह पर अब भी सवाल

फिट हुआ भारत का स्टार क्रिकेटर, अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में करेगा वापसी! बुमराह पर अब भी सवाल

Hardik Pandya Fitness: हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं. नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर भी सेलेक्शन की दौड़ में हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता पर अभी स्थिति साफ नहीं है.

By: Satyam Sengar | Published: August 31, 2026 2:08:04 PM IST



Hardik Pandya Fitness: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं. करीब पांच महीने से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हार्दिक अब पूरी तरह फिट होने के करीब हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वह अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे. हार्दिक लगातार बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग कर रहे हैं और उनकी फिटनेस में काफी सुधार हुआ है.

हार्दिक पांड्या के अलावा नितीश कुमार रेड्डी भी सेलेक्शन के लिए फिट बताए जा रहे हैं. दोनों खिलाड़ी लंबे समय से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस और ट्रेनिंग पर काम कर रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, दोनों खिलाड़ी इस समय पूरी ताकत के साथ अभ्यास कर रहे हैं. वहीं, वॉशिंगटन सुंदर भी वापसी की तैयारी में जुटे हैं. उन्हें अफगानिस्तान सीरीज में खेलने से पहले जरूरी फिटनेस क्लीयरेंस हासिल करनी होगी. भारतीय सीनियर सेलेक्शन कमिटी के हेड अजीत अगरकर की अगुवाई में इस सप्ताह टीम सेलेक्शन को लेकर बैठक हो सकती है.

वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर नजर
वॉशिंगटन सुंदर ने हाल ही में चेन्नई में समय बिताया था और अब उनके इस सप्ताह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लौटने की उम्मीद है. पिछले कुछ हफ्तों में उनका वर्कलोड लगातार बढ़ाया गया है. टीम मैनेजमेंट मानता है कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज सुंदर के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का अच्छा मौका हो सकती है. छोटे फॉर्मेट में वापसी से उन्हें धीरे-धीरे मैच फिटनेस हासिल करने में मदद मिलेगी.

जसप्रीत बुमराह को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं
इस बीच टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी नजर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर बनी हुई है. बुमराह श्रीलंका के खिलाफ हालिया दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेले थे. वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग और रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका खेलना अभी तय नहीं है, क्योंकि टीम मैनेजमेंट इस साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज को भी ध्यान में रख रहा है. हालांकि, अगर उनकी फिटनेस में कोई नई परेशानी नहीं आती है तो एशियन गेम्स के लिए उनकी उपलब्धता की उम्मीद है.

Advertisement