Hardik Pandya To Join KKR: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या इन दिनों खूब सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या को लेकर अलग-अलग तरह की बातें चल रही हैं. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को रिलीज करने का फैसला लिया है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के आईपीएल 2026 का सीजन अभी तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. मुंबई को 10 मैचों में सिर्फ 3 जीत मिली है, जबकि 7 हार का सामना करना पड़ा है.
मुंबई इंडियंस ने साल 2024 में हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया था. इसके बाद से लगातार तीसरे साल में मुंबई इंडियंस खराब दौर से गुजर रही है. ऐसे में हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर संकट मंडराने लगा है. अब कुछ रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं कि हार्दिक पांड्या शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल हो सकते हैं. जानें क्या है इस दावे की सच्चाई…
क्या KKR के कप्तान बनेंगे हार्दिक पांड्या?
हार्दिक पांड्या साल 2024 से आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं. उसके बाद से ही मुंबई इंडियंस बुरे दौर से गुजर रही है. खासकर IPL 2026 में मुंबई इंडियंस का बुरा हाल हो गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या से कप्तानी वापस ली जा सकती है. अगर ऐसा होता है, तो शायद हार्दिक पांड्या टीम से रिलीज भी कर दिए जाएंगे. ऐसे में उनके लिए सबसे बेस्ट टीम कोलकाता नाइट राइडर्स बताई जा रही है.
दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी पिछले 2 सीजन से खराब फॉर्म से जूझ रही है. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर की टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. उनकी कप्तानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसे में हार्दिक पांड्या केकेआर के लिए कप्तान के तौर पर बेस्ट ऑप्शन हो सकते हैं. वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी आंद्रे रसेल के रिटायरमेंट के बाद केकेआर को एक धाकड़ ऑलराउंडर की जरूरत है. हार्दिक पांड्या इस रोल में बिल्कुल फिट बैठते हैं.
हार्दिक पांड्या ने नहीं खेले पिछला मैच
दरअसल, हार्दिक पांड्या को लेकर सोशल मीडिया पर कई कयास लगाए जा रहे हैं. इसकी वजह है कि हार्दिक पांड्या ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेला था. अब रिपोर्ट्स सामने आ रही है कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के लिए अगले मैच में भी खेलते नजर नहीं आएंगे. हैरानी की बात यह है कि इसको लेकर फ्रेंचाइजी की ओर से कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है. ऐसे में ये रिपोर्ट्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
IPL 2026 में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी ठंडा रहा है. इस सीजन हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 8 मुकाबले खेले, जिनमें 2 जीत और 6 का सामना करना पड़ा. इसके अलावा खिलाड़ी के तौर पर भी हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन खास नहीं रहा. हार्दिक ने 8 पारियों में 20.85 की औसत और 136.44 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 146 रन बनाए हैं. वहीं, गेंद से 8 मैचों में 11.90 की इकॉनमी से 4 विकेट अपने नाम किए हैं.