DPL 2026 Super Over: क्रिकेट के मैदान पर अक्सर अजीबोगरीब घटनाएं देखने को मिलती हैं. कई बार बल्लेबाज अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो जाते हैं. ऐसा ही एक वाकया दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मैच में हुआ है, जिसे देख फैंस को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हो रहा है. दरअसल, मंगलवार को डीपीएल के 8वें मैच में न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच भिड़ंत हुई. इस मुकाबले में आखिरी गेंद पर हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला. आखिरी गेंद पर फील्डर ने एक आसान रन आउट मिस कर दिया, जिसके चलते उसे काफी गुस्सा आया. इस पर फील्डर ने गेंद को पैर से किक गया, जिसके बाद चमत्कार हो गया. गेंद सीधे स्टंप्स से जाकर लगी और बल्लेबाज रन आउट हो गया. इसके बाद मैच सुपर ओवर में चला गया. देखें वीडियो…
आखिरी गेंद पर अजीबोगरीब ड्रामा
यह गजब कारनामा दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वारियर्स के बीच खेले गए मैच में हुए. 156 रनों के टारगेट का पीछा कर रही आउटर दिल्ली वॉरियर्स को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 1 रन की जरूरत थी. बल्लेबाज प्रथम सलूजा ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद जमीन को छूती हुई सामने की तरफ गई. वहां पर रन लेना बहुत मुश्किल था, क्योंकि कप्तान हिम्मत सिंह नॉन स्ट्राइकर एंड के पास ही फील्डिंग कर रहे थे.
इसके बाद भी दोनों बल्लेबाज रन लेने के लिए भागे. हिम्मत सिंह तुरंत गेंद के पास पहुंच गए, लेकिन गेंद उनके हाथ में नहीं आई. इससे नाराज होकर हिम्मत सिंह ने गुस्से में गेंद को पैर से मार दिया. इसके बाद गेंद सीधे नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स से जा टकराई. उस समय तक बल्लेबाज प्रथम सलूजा क्रीज तक नहीं पहुंच पाए थे. रिप्ले में साफ दिखाई दिया गेंद स्टंप्स पर लगने से के समय बल्लेबाज क्रीज से बाहर था. इसके चलते अंपायर ने प्रथम को रन आउट करार दिया और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया.
रन आउट होते ही झूम उठी टीम
जैसे ही हिम्मत सिंह के किक से बल्लेबाज रन आउट हुआ, तो उनकी टीम के सभी खिलाड़ी जश्न मनाने लगे. अपनी मिसफील्ड से निराश हिम्मत सिंह का मायूस चेहरा खिल उठा. इस रन आउट को देख मैदान पर मौजूद कई खिलाड़ियों ने तो अपना माथा पकड़ लिया, क्योंकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि ऐसा भी रन आउट देखने को मिल सकता है. इस रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें: Video: साथी के बल्ले को बनाया हथौड़ा, फिर लाइव मैच में करने लगा कारपेंटर का काम, वीडियो वायरल
किसने जीता मैच?
मैच टाई होने के बाद दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर खेला गया. सुपर ओवर में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया. आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर ओवर में 20 रन बनाए. इसके जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 3 गेंद पर सिर्फ 6 रन बनाकर 2 विकेट गंवा दिए. इससे आउट दिल्ली वॉरियर्स ने आसानी से मैच जीत लिया.
कैसा रहा पूरा मैच?
बारिश की वजह से 15-15 ओवर का मैच खेला गया. न्यू दिल्ली टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 156 रन बनाए. कप्तान हिम्मत सिंह ने 61 रनों की पारी खेली, जबकि लक्ष्य थरेजा ने 62 रन बनाए. इसके दम पर न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 156 रनों का स्कोर खड़ा दिया. हालांकि बारिश के चलते 20 ओवर का खेल नहीं हो पाया, जिससे आउटर दिल्ली को DLS के तहत 15 ओवर में 156 रन का रिवाइज्ड टारगेट मिला. इसके जवाब में उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 15 ओवर में 155 रन बना लिए. इसके बाद सुपर ओवर खेला गया, जिसमें आउट दिल्ली वॉरियर्स ने आसान जीत दर्ज की.