Home > क्रिकेट > Video: साथी के बल्ले को बनाया हथौड़ा, फिर लाइव मैच में करने लगा कारपेंटर का काम, वीडियो वायरल

Video: साथी के बल्ले को बनाया हथौड़ा, फिर लाइव मैच में करने लगा कारपेंटर का काम, वीडियो वायरल

Viral Video: दिल्ली प्रीमियर लीग के मैच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बल्लेबाज जोंटी सिद्धू देसी जुगाड़ लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. देखें वीडियो...

By: Ankush Upadhayay | Published: August 4, 2026 10:41:46 AM IST



Viral Video: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के 7वें मैच में सेंट्रल दिल्ली के स्टार बल्लेबाज जोंटी सिद्धू ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 75 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 5 चौके लगाए. उनकी इस पारी के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 4 विकेट से हरा दिया. इस मुकाबले में जोंटी सिद्धू सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं, बल्कि अपनी देसी जुगाड़ को लेकर भी खूब चर्चा में रहे. उनका एक वीडियो भी सामने आया है. इस वीडियो में जोंटी सिद्धू साथी के बल्ले से अपने बल्ले को पीटना शुरू कर देते हैं. यह देखकर हर कोई हैरान रह जाता है, लेकिन जब इसके पीछे का कारण पता चला, तो सभी उनकी तारीफ करने लगे.

जोंटी सिद्धू का वायरल वीडियो

दरअसल, जोंटी सिद्धू सेंट्रल दिल्ली की ओर से बल्लेबाजी कर रहे थे. इस दौरान अंपायर ने बैट गेज से जोंटी के बल्ले को चेक किया. बैट गेज एक उपकरण होता है, जिससे बल्ले की मोटाई और चौड़ाई को मापा जाता है. अगर बल्ला इस गेज के अंदर आसानी से आर-पार हो जाता है, तो बल्ला ठीक है. वहीं, अगर बल्ला बीच में कहीं अटक जाता है, तो बल्ले को अवैध घोषित कर दिया जाता है. ऐसा ही कुछ जोंटी सिद्धू के साथ भी हुआ.

जब अंपायर ने जब जोंटी के बल्ले को बैट गेज से गुजारा, तो वह बीच में ही अटक गया. ऐसे में अंपायर ने जोंटी सिद्धू को बैट बदलने के लिए कहा. जोंटी सिद्धू ने अपना दिमाग लगाया और साथी के बल्ले से अपने बैट के ऊपरी हिस्से को हथौड़े की तरह पीटा. इसके बाद जब अंपायर ने दोबारा बल्ले को गेज से गुजारा, तो बल्ला आर-पार चला गया. उनके इस जुगाड़ का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

जोंटी सिद्धू ने जिताया मैच

मैच की बात करें, तो जोंटी सिद्धू ने शानदार अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को मैच जिताया. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन बनाए. कप्तान सार्थक रंजन ने 64 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि यश भाटिया ने 90 रन बनाए. इसके दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 210 रनों का टारगेट दिया. इसके जवाब में उतरी सेंट्रल दिल्ली की ओर से जोंटी सिद्धू ने 75 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके अलावा आदित्य भंडारी की 46 रन बनाए, जिसके दम पर सेंट्रल दिल्ली ने 4 विकेट से मैच जीत लिया. इस मुकाबले में जोंटी सिद्धू को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.

Advertisement