DC vs CSK Weather Forecast: IPL 2026 का 48वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा, जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा. यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है. दिल्ली और चेन्नई दोनों ही टीमों एक ही नाव में सवार हैं. दोनों टीमों को 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार मिली है. आज जो भी टीम मैच जीतेगी, उसके खाते में 10 प्वाइंट्स हो जाएंगे. हालांकि इस मैच से पहले दिल्ली के मौसम ने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है. दरअसल, दिल्ली में 5 मई यानी मंगलवार को बारिश होने की संभावना है.
अगर बारिश होती है, तो दिल्ली बनाम चेन्नई के मैच में बाधा आ जाएगी. इससे मैच भी रद्द करना पड़ सकता है, जो फैंस के साथ-साथ दोनों टीमों के लिए चिंता का विषय है. दिल्ली और चेन्नई में से कोई भी टीम नहीं चाहेगी कि बारिश की वजह से मुकाबला रद्द हो, क्योंकि इससे उन्हें सिर्फ 1-1 प्वाइंट मिलेंगे. ऐसे में प्लेऑफ की राह और भी मुश्किल हो जाएगी. देखें मौसम रिपोर्ट…
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार (5 मई) को मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने के साथ गरज और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं. वहीं, शाम के समय शहर में गरज के साथ हल्की मध्यम बारिश और बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि बारिश की इतनी ज्यादा संभावना नहीं है, जिससे मैच को रद्द करना पड़ा. बता दें कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम देखने को मिल रहा है.
दिल्ली-चेन्नई का आमने-सामने रिकॉर्ड
आंकड़ों पर नजर डालें, तो दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के बीच कुल 32 मैच खेले गए हैं. इनमें से 12 मैच दिल्ली कैपिटल्स ने जीते हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 मुकाबले अपने नाम किए हैं. IPL 2026 में भी एक बार दिल्ली और चेन्नई का आमना-सामना हो चुका है. यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा था. इसमें चेन्नई के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर 115 रनों की नाबाद पारी खेली थी. इसके दम पर चेन्नई ने 212 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी दिल्ली की टीम 189 पर ढेर हो गई थी. चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मैच में 23 रनों से जीत हासिल की थी. अब ये दोनों टीमें एक बार फिर मैदान पर भिड़ने वाली हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कौन सी टीम बाजी मारेगी.