Home > क्रिकेट > बेन स्टोक्स करेंगे नई पारी की शुरुआत, इंटनेशनल क्रिकेट के संन्यास के बाद कहीं और लगा रहे दिमाग…

बेन स्टोक्स करेंगे नई पारी की शुरुआत, इंटनेशनल क्रिकेट के संन्यास के बाद कहीं और लगा रहे दिमाग…

बेन स्टोक्स ने जून 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. हालांकि, स्टोक्स अब बिग बैश लीग की तरफ अपना ध्यान लगा रहे हैं. खबर है कि अगले सीजन से वह बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेल सकते हैं.

By: Satyam Sengar | Published: July 31, 2026 5:37:22 PM IST



इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान और स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक बार फिर बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेलते हुए नजर आ सकते हैं. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 35 साल के स्टोक्स आगामी सीजन के लिए सिडनी सिक्सर्स के साथ जुड़ सकते हैं. उन्होंने 28 जून 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था. अगर यह कॉन्ट्रैक्ट पूरा होता है, तो करीब एक दशक से अधिक समय बाद उनकी बीबीएल में वापसी होगी.
 
बेन स्टोक्स ने आखिरी बार 2014-15 सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से बिग बैश लीग खेली थी. उस सीजन में उन्होंने चार मैचों में 128 रन बनाए और तीन विकेट भी हासिल किए थे. सीमित मुकाबलों के बावजूद उन्होंने अपने हरफनमौला प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा था. अब उनके अनुभव और लोकप्रियता से बीबीएल को बड़ा आकर्षण मिलने की उम्मीद है.
 

सिडनी सिक्सर्स के अलावा और कई टीमें रेस में

हालांकि सिडनी सिक्सर्स अकेली टीम नहीं है जो स्टोक्स को अपने साथ जोड़ना चाहती है. मौजूदा चैंपियन होबार्ट हरिकेन्स भी उन्हें टीम में शामिल करने के लिए उत्सुक है. क्रिकेट तस्मानिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉम बेकर ने कहा कि उनकी टीम हमेशा विदेशी खिलाड़ियों के चयन में निरंतरता बनाए रखने पर भरोसा करती है और अगर बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ी को साइन करने का मौका मिला, तो वे सबसे पहले कोशिश करेंगे. उन्होंने यह भी माना कि स्टोक्स फिलहाल अपने भविष्य को लेकर विचार कर रहे हैं.
 

विदेशी प्लेयर्स की काफी मांग

आगामी बीबीएल सीजन से पहले कई अन्य विदेशी खिलाड़ियों की भी काफी मांग है. न्यूजीलैंड के फिन एलन, टिम सिफर्ट और लॉकी फर्ग्यूसन, जबकि इंग्लैंड के जेमी ओवरटन भी कई फ्रेंचाइजियों की नजर में हैं. वहीं, 2025-26 बीबीएल सीजन में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने सिडनी सिक्सर्स का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने 11 मैचों में 202 रन बनाए थे.

Tags:
Advertisement