BCCI vs Ajit Agarkar: भारतीय क्रिकेट में इस समय बवाल मचा हुआ है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम को मिली करारी हार के बाद बड़े बदलाव हो रहे हैं. असिस्टेंट कोच और फील्डिंग कोच के बाहर होने के बाद चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की कुर्सी पर भी खतरा मंडराने लगा है. दरअसल, बोर्ड के बड़े अधिकारियों और चीफ सिलेक्शन कमेटी के बीच मतभेद शुरू हो गए हैं. अजीत अगरकर अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी बोर्ड से नाराज है.
इसके पीछे की वजह बीसीसीआई सेक्रेटरी का बयान है, जो उन्होंने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर दिया था. बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा था कि लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच नहीं होगा और वह आगे भी खेलते रहेंगे. वहीं, चीफ सिलेक्शन कमेटी का कहना था कि रोहित शर्मा वनडे विश्व के लिए प्लान का हिस्सा नहीं हैं.
BCCI ने दिया अगरकर को धोखा!
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड दौरे पर सिलेक्शन कमेटी ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को साफ बताया था कि वह इस सीरीज के बाद टीम इंडिया का हिस्सा नहीं रहेंगे. इस मुद्दे पर टीम मैनेजमेंट भी सिलेक्शन कमेटी का सहयोग कर रही थी. सिलेक्शन कमेटी के एक सदस्य ने बीसीसीआई के बड़े अधिकारी को भी इसके बारे में बता दिया था. इसके बाद रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरें सामने लगीं. दावा किया गया कि रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे.
ऐसे में सोशल मीडिया पर बवाल मच गया, जिसके बाद बीसीसीआई सेक्रेटरी ने खुद साफ किया कि रोहित शर्मा संन्यास नहीं लेंगे और आगे खेलना जारी रखेंगे. अब बताया जा रहा है कि सिलेक्शन कमेटी बीसीसीआई के इस बदले रुख से नाराज है. उनका मानना है कि बोर्ड ने उनके साथ धोखा किया है. सिलेक्शन कमेटी का मानना था कि सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा के जवाब में बोर्ड का रुख बदल गया है, जबकि टीम मैनेजमेंट भी मानती है कि रोहित शर्मा के रहते भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप नहीं जीत सकती है.
खतरे में पड़ी अजीत अगरकर की नौकरी?
रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा से जुड़े विवाद के बाद चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) और बीसीसीआई के बीच दूरियां बढ़ गई हैं. इसकी वजह से अजीत अगरकर की नौकरी भी खतरे में पड़ गई है. माना जा रहा है कि अजीत अगरकर को सितंबर के बाद उनके पद से हटाया जा सकता है. उनका कार्यकाल जून 2026 में ही खत्म हो गया था, लेकिन बीसीसीआई ने उसे 3 महीने के लिए बढ़ा दिया था. अब बोर्ड और चीफ सिलेक्शन कमेटी के बीच हुए मतभेद के बीच दावा किया जा रहा है कि अजीत अगरकर की नौकरी जा सकती है. उनकी जगह पर बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड वीवीएस लक्ष्मण को नया चीफ सिलेक्टर बनाया जा सकता है.
सितंबर में होगा फैसला
वीवीएस लक्ष्मण को नया चीफ सिलेक्टर बनाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अभी इस पर सिर्फ विचार किया जा रहा है. रिपोर्ट में कहा गया कि अगले महीने सितंबर में बीसीसीआई की सालाना आम बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है. साथ यह भी कहा गया है कि अगर भारतीय टीम श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीतती है, तो अजीत अगरकर के कार्यकाल को आगे बढ़ाया जा सकता है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आने वाले समय में टीम इंडिया में क्या बदलाव होते हैं.