बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया. नागोया और आइची प्रीफेक्चर में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश ने मजबूत टीम चुनी है. हालांकि, तेज गेंदबाज नाहिद राणा और स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज को टीम में जगह नहीं मिली है. नाहिद पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे और अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं.
मेहदी हसन मिराज का बाहर होना थोड़ा हैरान करने वाला फैसला माना जा रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था. उनकी मदद से बांग्लादेश ने डार्विन में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया था. इसके अलावा तेज गेंदबाज तस्किन अहमद, अब्दुल गफ्फार सकलैन और विकेटकीपर नुरुल हसन को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है.
मुस्तफिजुर संभालेंगे तेज गेंदबाजी की कमान
नाहिद राणा की गैरमौजूदगी में अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे. टी20 इंटरनेशनल में बांग्लादेश के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मुस्तफिजुर को हसन महमूद और शरीफुल इस्लाम का साथ मिलेगा. हसन और शरीफुल ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी. पहले टेस्ट की पहली पारी में हसन ने 6 विकेट लिए थे, जबकि मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शरीफुल ने 7 विकेट हासिल किए थे.
लिटन दास को मिली कप्तानी, टीम में शांतो और तौहीद हृदोय भी
एशियन गेम्स की टीम में तंजिद हसन और तौहीद हृदोय को भी जगह मिली है. हृदोय इस समय बांग्लादेश ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ खेल रहे हैं. उन्होंने बुधवार को पोटचेफस्ट्रूम के सेनवेस पार्क में दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट की पहली पारी में शानदार तिहरा शतक लगाया. टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो भी टीम का हिस्सा हैं, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास टीम की कप्तानी करेंगे. भारत और पाकिस्तान की तरह बांग्लादेश ने भी एशियन गेम्स के लिए मजबूत और लगभग पूरी क्षमता वाली टीम चुनी है.
एशियन गेम्स 2026 के लिए बांग्लादेश टीम: लिटन दास (कप्तान), तंज़ीद हसन, परवेज़ हुसैन इमोन, सैफ हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदॉय (उपकप्तान), मोसद्दक हुसैन, यासिर अली चौधरी, रिशाद हुसैन, महेदी हसन, नसुम अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन, शोरीफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद.