Home > क्रिकेट > टी20 में फ्लॉप, वनडे में टॉप! सिर्फ 3 दिन में कैसे बदला ‘बापू’ का खेल? खुद खोला राज

टी20 में फ्लॉप, वनडे में टॉप! सिर्फ 3 दिन में कैसे बदला ‘बापू’ का खेल? खुद खोला राज

Axar Patel Statement: भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने बताया कि टी20 उनके पास डेथ ओवर्स में बड़े शॉट लगाने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं होता है. वहीं, वनडे में उनके पास थोड़ा समय होता है, जिससे वह सही टाइमिंग के साथ शॉट लगा पाते हैं.

By: Ankush Upadhayay | Published: July 15, 2026 1:44:53 PM IST



Axar Patel Statement: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की. एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में अक्षर पटेल ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया. उन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए. इसके बाद जब टीम इंडिया टारगेट चेज करते हुए मुश्किल में फंसी, तो बल्ले से योगदान दिया. अक्षर पटेल ने शानदार 57 रनों की नाबाद पारी खेली. इसके दम पर भारत ने पहला वनडे मैच अपने नाम किया.

इस मुकाबले में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने के लिए अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. हालांकि फैंस के मन में सवाल आया कि आखिर अक्षर पटेल सिर्फ 3 दिनों के अंदर टीम इंडिया के हीरो कैसे बन गए. दरअसल, इससे पहले 1 से 11 जुलाई तक खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज में अक्षर पटेल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था.

अक्षर पटेल ने खुद खोला राज

पहले वनडे मैच में मैच विनिंग परफॉर्मेंस करने के बाद अक्षर पटेल (Axar Patel) ने इस फॉर्मेट में अपनी सफलता का राज खोला. अक्षर पटेल जियोस्टार से बातचीत करते हुए कहा, ‘मेरे लिए इस तरह का प्रदर्शन करना बेहद जरूरी था. मैं लगातार प्रयास कर रहा था. जहां तक मेरी मानसिकता की बात है, तो मुझे यह सोचने के बजाय कि सब कुछ अपने आप हो जाएगा, अपना ध्यान केंद्रित करना था. मुझे खुद पर भरोसा रखना था और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल कर रहा था. मुझे लगता है कि टी20 मैचों के में मैं गेंद पर कुछ ज्यादा ही जोर से प्रहार करने की कोशिश कर रहा था.’

ये भी पढ़ें: IND vs ENG: जो काम रवींद्र जडेजा, अश्विन नहीं कर सके, वो अक्षर पटेल ने कर दिखाया, रच दिया इतिहास…

कैसे बदला अक्षर पटेल का खेल?

अक्षर पटेल ने आगे बताया कि जब आप डेथ ओवरों में बल्लेबाजी करने जाते हैं, तो आपके पास बड़े शॉट लगाने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं होता, लेकिन मैं थोड़ा लय खो रहा था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं गेंद को ज्यादा जोर से मारने की कोशिश नहीं कर रहा था, क्योंकि मुझे पता था कि मेरे पास समय है. मैं कुछ गेंदों का आराम से खेल सकता हूं. मैं अपनी टाइमिंग पर ध्यान दे रहा था. इस तरह की विकेट पर जब आप परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझ लेते हैं तो फिर आप रन बना सकते हैं.’

दरअसल, टी20 सीरीज में अक्षर पटेल आखिरी के ओवर्स में बल्लेबाजी करने आते थे, जहां पर उन्हें बड़े शॉट लगाने होते थे. इसकी वजह से वह जल्दी आउट हो जाते थे. बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अक्षर पटेल ने 5 पारियों में सिर्फ 19 रन ही बनाए थे.

कैसा रहा पहला वनडे मैच?

इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 258 के स्कोर पर ढेर हो गई थी. इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट ने नाबाद 76 रनों की पारी खेली, जबकि लियाम डॉसन ने 68 रन बनाए. इसके अलावा इंग्लैंड का कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. इसके चलते इंग्लैंड ने भारत को 259 रनों का टारगेट दिया. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने 28 गेंद बाकी रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया.

भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 80 रन बनाए, लेकिन चोट की वजह से उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. इसके बाद वाशिंग्टन सुंदर और अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला. अक्षर पटेल ने 57 रन बनाए, जबकि वाशिंग्टन सुंदर ने 52 रनों की शानदार पारी खेली. इसके दम पर भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की.

Advertisement