Axar Patel Fined: दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार (11 मई) को पंजाब किंग्स को हराकर जबरदस्त वापसी की है. पिछले 2 मैचों में लगातार हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने जीत दर्ज की है. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली ने पंजाब को 3 विकेट से शिकस्त दी. यह इस सीजन में पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार है. इस रोमांचक जीत के साथ ही दिल्ली की टीम प्वाइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर गई है. हालांकि दिल्ली के कप्तान को इस जीत की कीमत चुकानी पड़ी. इस मैच के बाद BCCI ने कप्तान अक्षर पटेल (Axar Patel) को सजा सुनाई है.
दरअसल, यह मामला स्लो ओवर रेट से जुड़ा हुआ है. आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का पहला अपराध है, जिसके लिए कप्तान पर जुर्माना लगाया गया.
अक्षर पटेल ने खेली कप्तानी पारी
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने शानदार पारी खेली. पंजाब किंग्स के खिलाफ अक्षर पटेल ने 30 गेंदों पर 56 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 8 चौके लगाए. इसके दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने 211 रनों का टारगेट चेज कर लिया. इससे पहले IPL 2026 में अक्षर पटेल का बल्ला खामोश रहा था. उनके बल्ले से बिल्कुल भी रन नहीं आ रहे थे. ऐसे में अक्षर पटेल ने पंजाब के खिलाफ कप्तानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस में उठापटक जारी… KL राहुल ने अभिषेक शर्मा को पछाड़ा, पर्पल कैप किसके पास?
DC की रोमांचक जीत
मैच की बात करें, तो पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 210 रन बनाए. पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारियों खेलीं. इसके अलावा आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने छोटी असरदार पारी खेली, जिससे पंजाब का स्कोर 200 के पार पहुंचा. इसके जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दिल्ली ने सिर्फ 33 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे.
इसके बाद अक्षर पटेल ने टीम की पारी को संभाला और शानदार अर्धशतक लगाया. इसके अलावा डेविड मिलर ने भी 28 गेंदों पर 51 रनों की आतिशी पारी खेली. फिर आखिरी ओवर में आशुतोष शर्मा (24), माधव तिवारी (18) और आकिब नबी डार (10) ने छोटी-छोटी आतिशी पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई. दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया.
DC के प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा
पंजाब किंग्स के खिलाफ करीबी जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स प्वाइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर आ गई है. अभी भी दिल्ली के प्लेऑफ में जाने की उम्मीदें बची हुई हैं. इन उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए दिल्ली को अपने बाकी 2 मैचों को बड़े अंतर से जीतना होगा. दिल्ली कैपिटल्स का अगला मैच घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाला है, जो 17 मई को खेला जाएगा.