Auqib Nabi Team India: जम्मू-कश्मीर के 29 साल के तेज गेंदबाज आकिब नबी को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है. उन्हें चोटिल स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह टीम इंडिया में मौका मिला है. यह पहली बार है, जब आकिब नबी को भारतीय टीम में एंट्री मिली है. उन्हें घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करने का इनाम मिला है. हालांकि भले ही वह श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें अपने डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. दरअसल, स्क्वाड में पहले से ऐसे तेज गेंदबाज शामिल है, जो आकिब नबी के डेब्यू पर ब्रेक लगा सकते हैं.
गुरनूर बरार कर सकते हैं डेब्यू
जसप्रीत बुमराह के अचानक बाहर होने की वजह से सिलेक्टर्स ने आकिब नबी (Auqib Nabi) को टेस्ट टीम में शामिल किया. वह बैकअप गेंदबाज के तौर पर टीम से जुड़े हैं. भारत के पास पहले से ही पेस अटैक में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज हैं. वे दोनों पिछले कुछ समय से भारत के लिए लगातार टेस्ट मैच खेलते आ रहे हैं. ऐसे में अगर पिच स्पिन फ्रेंडली होती है, तो भारतीय टीम सिर्फ सिराज और कृष्णा के साथ मैदान पर उतर सकती है.
वहीं, अगर तीसरे पेसर की जरूरत पड़ती है, तो आकिब नबी या गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) का टेस्ट डेब्यू हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो गुरनूर बरार का डेब्यू कराया जा सकता है, क्योंकि वे वनडे में शानदार प्रदर्शन करके आ रहे हैं. गुरनूर बरार ने गॉल के मैदान पर ही एक फर्स्ट क्लास मैच में 10 विकेट हासिल किए थे. उसी मैदान पर आकिब नबी ने 2 मैच में सिर्फ 6 विकेट लिए थे. ऐसे में गुरनूर बरार के रिकॉर्ड को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उन्हें मौका दे सकती है.
आकिब नबी के रिकॉर्ड्स
29 साल के आकिब नबी डार घरेलू क्रिकेट में जम्मू-कश्मीर के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए थे. उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. इस सीजन में आकिब नबी ने सिर्फ 10 मैचों में 12.56 की औसत से 60 विकेट चटकाए थे.
ये भी पढ़ें: 25 महीने में 3 बदलाव… गौतम गंभीर से बिछड़ चुके उनके तीन करीबी, अब सिर्फ एक दिग्गज बाकी
आकिब नबी के नाम 43 फर्स्ट क्लास मैचों में 162 विकेट दर्ज हैं. साथ ही उन्होंने बल्ले से भी 999 रन बनाए हैं. ऐसे में वह भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में अहम खिलाड़ी हो सकते हैं, जो गेंदबाजी के साथ ही लोअर ऑर्डर में बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स आकिब नबी को टेस्ट क्रिकेट में मौका देते हैं.
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू होगा.