5
टीम इंडिया में एंट्री पाने वाले तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपने करियर को लेकर बड़ा लक्ष्य तय किया है. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और आईपीएल 2026 में अपनी तेज रफ्तार से पहचान बनाने वाले इस युवा गेंदबाज ने कहा है कि वह एक दिन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करना चाहते हैं. 23 साल के अशोक का मानना है कि अगर उनकी मेहनत और फिटनेस सही दिशा में रही तो वह इस मुकाम तक जरूर पहुंच सकते हैं. हाल ही में उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया ए टीम में भी पहली बार जगह मिली थी.
क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड आज भी पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के नाम दर्ज है. उन्होंने 2003 विश्व कप में इंग्लैंड के बल्लेबाज निक नाइट के खिलाफ 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली और शॉन टैट ने 160 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार जरूर हासिल की, लेकिन वे भी शोएब अख्तर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके. अशोक शर्मा की गेंद की रफ्तार पहले ही करीब 154 किमी प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है और अब उनकी नजर 160 किमी प्रति घंटे के आंकड़े पर है.
अशोक शर्मा ने क्या कहा?
अपने लक्ष्य को लेकर अशोक शर्मा ने कहा, “मैं कभी भी अपनी रफ्तार से समझौता नहीं करना चाहता. मेरा पूरा ध्यान अपनी गेंदबाजी को लगातार बेहतर बनाने पर है. अगर सब कुछ सही रहा तो एक दिन मैं 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकता हूं. हालांकि मैं सिर्फ स्पीड के बारे में नहीं सोचता, बल्कि अपनी स्किल्स को भी लगातार बेहतर करना चाहता हूं. अच्छी प्रतिस्पर्धा आपको हर दिन बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है, चाहे बात रफ्तार की हो या विकेट लेने की.”
टीम इंडिया में एंट्री
अशोक शर्मा ने 2025 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 22 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. इसके बाद उन्हें आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने छह मैचों में छह विकेट लिए. उनकी तेज रफ्तार को देखते सेलेक्टर्स ने उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह दी है. अब देखना होगा कि इस दौरे पर वह डेब्यू कर पाते हैं या फिर नहीं.