Birthday Special: भारत में अक्सर लोग बचपन से ही बड़ा क्रिकेटर बनने का सपना देखते हैं. कुछ खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगातार अच्छा प्रदर्शन करके इंटरनेशनल लेवल तक पहुंच जाते हैं. वहीं, बहुत से खिलाड़ी लोकल टूर्नामेंट्स और गली क्रिकेट ही खेलते रह जाते हैं. इनमें से कोई खिलाड़ी पैसों की कमी, तो कोई ट्रेनिंग की समस्या की वजह से खेल में आगे नहीं बढ़ पाता है. हालांकि एक ऐसा भी खिलाड़ी है, जिसे पास सबकुछ था. वह एक अरबपति का बेटा है, जिसके पास पैसों की कोई कमी नहीं थी.
यहां तक कि उस क्रिकेटर को आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट भी मिल गया था, लेकिन फिर भी उसने 22 साल की उम्र में रिटायरमेंट ले लिया. दरअसल, हम बात कर रहे हैं आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरपर्सन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन बिड़ला की, जो आप अपना 29वां जन्मदिन मना रहे हैं.
22 साल की उम्र में क्यों लिया संन्यास?
आर्यमन बिड़ला ने अपने छोटे से क्रिकेट करियर में मध्य प्रदेश के लिए 11 मुकाबले खेले हैं. इसके अलावा उन्हें राजस्थान रॉयल्स से आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट भी मिल गया था. हालांकि इसके बावजूद आर्यमन बिड़ला ने साल 2019 में सिर्फ 22 साल की उम्र में संन्यास ले लिया. इसके पीछे की वजह उनकी मेंटल हेल्थ थी. दरअसल, आर्यमन बिड़ला ने क्रिकेट से अपनी मेंटल हेल्थ (एंग्जायटी और स्ट्रेस) की वजह से संन्यास लिया था. वह अपनी मेंटल हेल्थ को प्राथमिकता देना चाहते थे, जिसके चलते उन्होंने अनिश्चितकालीन समय के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया था. इसके बाद उन्होंने कभी मैदान पर वापसी नहीं की.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट में अभिषेक शर्मा की बड़ी जीत! पर्सनैलिटी राइट्स मामले में समन जारी, कंटेंट हटाने के भी निर्देश
क्रिकेट छोड़ बने बिजनेसमैन
आर्यमन बिड़ला भारत के सबसे बड़े बिजनेसमैन में शुमार कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं. ऐसे में क्रिकेट छोड़ने के बाद आर्यमन बिड़ला ने अपने पारिवारिक बिजनेस का आगे बढ़ाने का फैसला किया. मौजूदा समय में आर्यमन बिड़ला अपनी बहन अनन्या बिड़ला के साथ आदित्य बिड़ला ग्रुप की प्रमुख कंपनियों (जैसे ग्रासिम इंडस्ट्रीज) में डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं. पारिवारिक व्यावसायिक साम्राज्य के कारण आर्यमन बिड़ला की नेटवर्थ करीब 70,000 करोड़ रुपये के आसपास है. इसके चलते उन्हें दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेटर भी माना जाता है.
RCB के मालिक भी बने आर्यमन बिड़ला
आर्यमन बिड़ला बीते महीनों ही आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के चेयरमैन बने हैं. आदित्य बिड़ला की अगुवाई वाली कंसोर्टियम ने RCB को 16,660 करोड़ रुपये में खरीद लिया है. इस डील के बाद पूर्व क्रिकेटर और कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमान विक्रम बिड़ला को RCB का नया चेयरमैन बनाया गया है.