Team India Next Series Schedule: इंग्लैंड दौरा खत्म होने के बाद अब टीम इंडिया का अगला मिशन जिम्बाब्वे है. दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होगा. हालांकि, इंग्लैंड में लगातार क्रिकेट खेलने के बाद कुछ भारतीय खिलाड़ियों के पास ज्यादा आराम का समय नहीं होगा और टीम सीधे नई चुनौती के लिए मैदान में उतरेगी. आइए जानते हैं सीरीज का पूरा शेड्यूल.
इस दौरे पर भारतीय टीम में कई नए और युवा खिलाड़ियों को मौका मिल है. उनके पास अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका होगा. अगर वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आगे भी टीम इंडिया में उनकी जगह मजबूत हो सकती है. भारतीय टीम मैनेजमेंट इस सीरीज में नए खिलाड़ियों को परखना चाहता है. यही वजह है कि टीम में कई नए चेहरे को मौका मिला है. हालांकि, श्रेयस अय्यर पर भी काफी दबाव होगा. क्योंकि जब से वह कप्तान बने हैं भारत ने एक भी मैच नहीं जीता है. ऐसे में हर खिलाड़ी चाहेगा कि वह अच्छा खेल दिखाकर चयनकर्ताओं का भरोसा जीते.
क्या है पूरा शेड्यूल?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेली जाएगी. सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई (गुरुवार) को भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा. इसके बाद दूसरा टी20 मुकाबला 25 जुलाई (शनिवार) को इसी मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा. वहीं, सीरीज का तीसरा और आखिरी टी20 मैच 26 जुलाई (रविवार) को भी हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा. तीनों मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे और भारतीय टीम की कोशिश सीरीज में दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करने की होगी.
जिम्बाब्वे आसान टीम नहीं होगी
भले ही हेड टू हेड में भारत मजबूत नजर आता हो, लेकिन अपने घर में जिम्बाब्वे किसी भी टीम को टक्कर देने का दम रखता है. घरेलू मैदान और परिस्थितियों का फायदा उठाकर मेजबान टीम भारत के सामने मुश्किल खड़ी करना चाहेगी. दूसरी तरफ, टीम इंडिया की नजर सीरीज जीतने के साथ-साथ अपनी बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने पर भी होगी. ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी भी इस सीरीज में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं.
जिम्बाब्वे सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)