Ab De Villiers On Gautam Gambhir: आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारत को टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा, जिसके बाद टीम इंडिया के सिलेक्शन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. कई पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स और एक्सपर्ट्स ने हेड कोच गौतम गंभीर की रणनीति और सिलेक्शन पर सवाल उठाए. इस बीच विराट कोहली के जिगरी यार और साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भी गौतम गंभीर के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. साथ ही उन्होंने गंभीर को बड़ी नसीहत भी दी है.
एबी डिविलियर्स ने हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) को सलाह दी उन्हें आईपीएल में रनों का अंबार लगाने के आदी हो चुके खिलाड़ियों को फिर से जमीन पर लेकर आएं. एबी डिविलियर्स का कहना कि आईपीएल स्टार्स को समझना होगा कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में हर समय 5वें गियर में नहीं खेल सकते हैं.
‘गौतम गंभीर पर कई उंगलियां उठेंगी…’
पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स (AB De Villiers) ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन पर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट के लेवल में जमीन-आसमान का अंतर होता है. डिविलियर्स ने आगे कहा, ‘चिंता की बहुत सारी बातें हैं. गौतम गंभीर पर कई उंगलियां उठेंगी और उन्हें इस बात की जिम्मेदारी लेनी होगी कि यह टीम आगे कैसे बढ़ेगी. उनके पास ऐसा करने की पूरी क्षमता है. लेकिन शायद यह हार एक बुरा अनुभव नहीं है, बल्कि एक अच्छा ‘वेक-अप कॉल’ है. आईपीएल में इतने सारे रन बनाने वाले खिलाड़ियों को थोड़ा जमीन पर वापस लाने की जरूरत है.’
ये भी पढ़ें: T20 के बाद उठी बाहर करने की डिमांड, फिर इन 2 खिलाड़ियों ने पहले वनडे में बचाई भारत की लाज, क्या फिर बोलेगा बल्ला?
‘हमेशा 5वें गियर में नहीं कर सकते बल्लेबाजी’
एबी डिविलियर्स ने आगे कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में छिपने की कोई जगह नहीं होती. आईपीएल में हमेशा एक या दो ऐसे कमजोर गेंदबाज मिल जाते हैं, जिन पर बल्लेबाज आसानी से रन बना सकते हैं, लेकिन इंटरनेशनल लेवल पर विरोधी टीम का हर गेंदबाज वर्ल्ड क्लास होता है. डिविलियर्स ने आगे कहा, ‘आपको एक या दो गियर से अधिक में खेलना आना चाहिए. आप हमेशा पांचवें गियर में बल्लेबाजी नहीं कर सकते. यहां आपको परिस्थितियों के अनुकूल ढलना होगा.’
वैभव सूर्यवंशी रहे फ्लॉप
भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर हर किसी की नजरें 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) पर टिकी हुई थीं. वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड में मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी डेब्यू मैच में फ्लॉप रहे. उन्होंने अपने पहले मैच में सिर्फ 14 रन बनाए. इसके बाद अगले दो मैचों में भी सिर्फ 13 और 15 रन ही बना पाए. हालांकि अपनी इन छोटी-छोटी पारियों में वैभव सूर्यवंशी ने निडर और आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया.