Home > धर्म > थिरुनाल्लार शनि मंदिर का चमत्कार! यहां के पवित्र कुंड में स्नान से कम होता शनि दोष, राजा नल को भी मिली थी पीड़ा से मुक्ति

थिरुनाल्लार शनि मंदिर का चमत्कार! यहां के पवित्र कुंड में स्नान से कम होता शनि दोष, राजा नल को भी मिली थी पीड़ा से मुक्ति

Thirunallar Shani Temple: कर्मफलदाता शनि देव का नाम सुनते ही लोगों के मन में साढ़ेसाती, ढैय्या और कठिन समय की छवि दिमाग में उभर आती है. लेकिन, दक्षिण भारत में एक ऐसा प्राचीन और चमत्कारी मंदिर है, जहां श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से दर्शन करने पर शनि दोष का प्रभाव कम हो जाता है. आइए जानते हैं मंदिर से जुड़ी रोचक कथा-

By: Lalit Kumar | Published: July 27, 2026 2:11:34 PM IST



Thirunallar Shani Temple: कर्मफलदाता शनि देव का नाम सुनते ही लोगों के मन में साढ़ेसाती, ढैय्या और कठिन समय की छवि दिमाग में उभर आती है. लेकिन, दक्षिण भारत में एक ऐसा प्राचीन और चमत्कारी मंदिर है, जहां श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से दर्शन करने पर शनि दोष का प्रभाव कम हो जाता है. यह है तमिलनाडु के कराईकल जिले में स्थित थिरुनाल्लार शनि मंदिर, जिसे भगवान शनैश्वर का सबसे प्रसिद्ध धाम माना जाता है. मान्यता है कि, यहीं राजा नल को शनि की कठोर पीड़ा से मुक्ति मिली थी. यही कारण है कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल इस मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. आइए जानते हैं मंदिर से जुड़ी रोचक कथा-

राजा नल की कथा से जुड़ा है शनि मंदिर

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, निषध देश के राजा नल अत्यंत धर्मात्मा और न्यायप्रिय शासक थे. लेकिन, शनि देव की टेढ़ी दृष्टि पड़ने के बाद उनके जीवन में अनेक कठिनाइयां आने लगीं. इसके बाद राजा ने अपना राज्य, धन-संपत्ति और परिवार तक खो दिया. लंबे समय तक कष्ट सहने के बाद राजा नल ने भगवान शिव और शनि देव की आराधना की. कहा जाता है कि, उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर शनि देव ने उन्हें थिरुनाल्लार में पीड़ा से मुक्ति प्रदान की. इसी घटना के कारण इस स्थान का नाम ‘थिरु-नल्लार’ पड़ा, जिसका संबंध राजा नल की कथा से जोड़ा जाता है.

पहले स्नान, फिर दर्शन की परंपरा

इस मंदिर की सबसे अनोखी परंपरा नल तीर्थ (Nala Theertham) में स्नान करना है. श्रद्धालु मानते हैं कि इस पवित्र कुंड में स्नान करने के बाद शनि दोष का प्रभाव कम होता है और उसके बाद शनैश्वर भगवान के दर्शन करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है. इसके बाद भक्त भगवान शिव के धरबारण्येश्वर और फिर शनैश्वर भगवान के दर्शन करते हैं. मान्यता है कि भगवान शिव की कृपा से शनि देव का प्रभाव भी शांत हो जाता है.

क्यों उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़?

शनिवार, शनि अमावस्या और शनि जयंती जैसे विशेष अवसरों पर यहां लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. लोग तिल का तेल, काले तिल, काले वस्त्र और दीप अर्पित कर शनि देव से जीवन के कष्ट दूर करने की प्रार्थना करते हैं. ज्योतिष शास्त्र में भी इस मंदिर को शनि की प्रतिकूल दशा, साढ़ेसाती और ढैय्या के दौरान विशेष महत्व दिया गया है.

आस्था और विश्वास का केंद्र

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनि देव व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल देते हैं. इसलिए इस मंदिर में केवल पूजा ही नहीं, बल्कि अच्छे कर्म, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया जाता है. थिरुनाल्लार शनि मंदिर आज भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है. यहां आने वाले भक्तों का विश्वास है कि सच्ची श्रद्धा, प्रार्थना और सकारात्मक कर्मों के साथ की गई आराधना जीवन की कठिन राहों को आसान बना सकती है.

Advertisement