Home > धर्म > Shardiya Navratri 2026 Kab Hai: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू, जानें घटस्थापना मुहूर्त, पूजा विधि और मां दुर्गा के आगमन का वाहन

Shardiya Navratri 2026 Kab Hai: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू, जानें घटस्थापना मुहूर्त, पूजा विधि और मां दुर्गा के आगमन का वाहन

Shardiya Navratri 2026 Date and Muhurat: मां दुर्गा की आराधना के नौ दिनों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. शारदीय नवरात्र में घर-घर कलश स्थापना होगी, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना करेंगे. इस साल नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से हो रही है. जान लीजिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त, पूजा का तरीका और मां दुर्गा के आगमन से जुड़ी मान्यता.

By: Lalit Kumar | Last Updated: October 9, 2026 6:55:15 PM IST



Shardiya Navratri 2026 Date and Muhurat: मां दुर्गा की आराधना के नौ दिनों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. शारदीय नवरात्र में घर-घर कलश स्थापना होगी, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना करेंगे. इस साल नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से हो रही है. आचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री के अनुसार, इस बार तिथियों की वृद्धि के कारण नवरात्र पर्व दस दिनों का होगा. ऐसे में अगर आप भी घर में घटस्थापना करने की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त, पूजा का तरीका और मां दुर्गा के आगमन से जुड़ी मान्यता.

11 अक्टूबर से शुरू होंगे शारदीय नवरात्र

आचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री के अनुसार, आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि, रविवार 11 अक्टूबर 2026 से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होगा. नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है. इसी दिन घरों और मंदिरों में विधि-विधान से घटस्थापना यानी कलश स्थापना की जाती है. भक्त कलश स्थापित कर जौ बोते हैं और दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू करते हैं. आचार्य के मुताबिक, इस वर्ष अष्टमी तिथि की वृद्धि के कारण नवरात्र पर्व दस दिनों तक चलेंगे. 

घटस्थापना का शुभ मुहूर्त क्या है?

आचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री ने काशी विश्व पंचांग, काशी महावीर पंचांग और निर्णय सिंधु शास्त्रानुसार में घटस्थापना के लिए कुछ शुभ समय बताए हैं.

अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:36 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक.
प्रातःकालीन पूजा: ब्रह्म मुहूर्त से पूजा-जप और साधना शुरू करने की सलाह दी गई है.
अन्य शुभ समय: सुबह 7:22 बजे से 10:17 बजे तक और 11:15 बजे से 12:14 बजे तक है.

नोट- अपने शहर के सूर्योदय, स्थानीय पंचांग और घटस्थापना के निर्धारित मुहूर्त के अनुसार ही पूजा करें. 

कैसे करें कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा?

नवरात्र के पहले दिन सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें. पूजा स्थल को स्वच्छ करें और मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक जलाएं. इसके बाद पूजा की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर कलश स्थापित करें. कलश में जल भरें और परंपरा के अनुसार उसमें सुपारी, अक्षत और सिक्का डालें. कलश के मुख पर आम या अशोक के पत्ते रखकर नारियल स्थापित करें.

कलश के पास मिट्टी के पात्र में जौ बोएं. इसके बाद मां शैलपुत्री की पूजा करें, फूल और फल अर्पित करें तथा दुर्गा सप्तशती या दुर्गा चालीसा का पाठ करें. अपनी श्रद्धा के अनुसार मंत्र जाप और आरती भी करें. पूजा के दौरान स्वच्छता और मन की शुद्धता का ध्यान रखें.

मां दुर्गा के आगमन का वाहन क्या है?

आचार्य के अनुसार, इस बार मां दुर्गा का आगमन गज यानी हाथी पर हो रहा है. धार्मिक परंपरा में हाथी को सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा का प्रतीक माना जाता है. हालांकि, देवी के आगमन के वाहन का निर्धारण परंपरागत ज्योतिषीय नियमों के आधार पर किया जाता है.

Advertisement