Raksha Bandhan 2026: राखी का एक छोटा-सा धागा… लेकिन इसके साथ जुड़ी भावनाएं इतनी गहरी हैं कि सदियों से भाई-बहन का रिश्ता इसी एक सूत्र से और मजबूत होता आया है. रक्षाबंधन पर बहन जब भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती है तो वह सिर्फ एक रस्म नहीं निभाती, बल्कि उसके सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी करती है. वहीं भाई भी बहन की हर परिस्थिति में साथ देने और उसकी रक्षा का संकल्प लेता है. साल 2026 में रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर राखी कलाई पर ही क्यों बांधी जाती है? इस परंपरा की शुरुआत कहां से हुई और इसके पीछे कौन-सी धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
रक्षा सूत्र सिर्फ धागा नहीं, एक संकल्प है
सनातन परंपरा में रक्षा सूत्र को शुभ और मंगलकारी माना गया है. धार्मिक अनुष्ठानों में भी मंत्रोच्चार के साथ कलाई पर मौली या कलावा बांधने की परंपरा देखने को मिलती है. इसे सुरक्षा, संकल्प और शुभकामना के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. रक्षाबंधन में यही रक्षा सूत्र भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक बन गया. बहन इसे भाई की कलाई पर बांधकर उसके जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना करती है और भाई बहन के सम्मान तथा सुरक्षा के लिए हमेशा खड़े रहने का वचन देता है.
कृष्ण और द्रौपदी की कथा सबसे ज्यादा प्रसिद्ध
राखी से जुड़ी सबसे लोकप्रिय धार्मिक कथाओं में भगवान कृष्ण और द्रौपदी का प्रसंग शामिल है. मान्यता के अनुसार, एक बार भगवान कृष्ण की उंगली में चोट लगने से खून निकलने लगा. द्रौपदी ने तुरंत अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया. द्रौपदी के इस स्नेह और अपनत्व से कृष्ण बेहद भावुक हुए और उन्होंने उनकी रक्षा का संकल्प लिया. आगे चलकर महाभारत के प्रसिद्ध चीरहरण प्रसंग में कृष्ण ने द्रौपदी की लाज बचाई. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि कृष्ण-द्रौपदी की यह कथा रक्षाबंधन की ऐतिहासिक शुरुआत का प्रमाण नहीं मानी जाती, बल्कि बाद की धार्मिक और लोक परंपराओं में इसे भाई-बहन के प्रेम और रक्षा सूत्र से जोड़कर देखा जाता है.
राजा बलि और माता लक्ष्मी की कथा भी है खास
रक्षा सूत्र से जुड़ी एक अन्य प्रसिद्ध कथा भगवान विष्णु, राजा बलि और माता लक्ष्मी से संबंधित है. मान्यता के अनुसार, वामन अवतार में भगवान विष्णु ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगी और उन्हें पाताल लोक भेज दिया. इसके बाद भगवान विष्णु राजा बलि के आग्रह पर उनके साथ रहने लगे. भगवान विष्णु को वापस वैकुंठ लाने के लिए माता लक्ष्मी ने राजा बलि को रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें अपना भाई माना. इसके बदले उन्होंने भगवान विष्णु को वैकुंठ वापस ले जाने का अनुरोध किया. राजा बलि ने बहन की इच्छा स्वीकार कर ली. यह कथा रक्षा सूत्र को केवल भाई-बहन ही नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और रिश्ते निभाने की भावना से जोड़ती है.
कलाई पर ही क्यों बांधी जाती है राखी?
ज्योतिषाचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री कहते हैं कि, कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने की परंपरा धार्मिक अनुष्ठानों में प्राचीन समय से दिखाई देती है. कलाई को कर्म और संकल्प से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए किसी शुभ अवसर पर कलाई पर सूत्र बांधना एक तरह से शुभ संकल्प को याद रखने का प्रतीक माना गया. रक्षाबंधन में भी यही भावना भाई की कलाई पर बंधी राखी के रूप में दिखाई देती है. यह धागा भाई को बहन से किए गए वादे और बहन को भाई के स्नेह की याद दिलाता है.
समय के साथ बदलता गया रक्षाबंधन
इतिहास और परंपराओं में रक्षा सूत्र का इस्तेमाल केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रहा. अलग-अलग क्षेत्रों में इसे गुरु-शिष्य, राजा-प्रजा और सामाजिक संबंधों में भी शुभ रक्षा सूत्र के रूप में इस्तेमाल किए जाने के उल्लेख मिलते हैं. समय के साथ रक्षाबंधन मुख्य रूप से भाई-बहन के प्रेम और आपसी जिम्मेदारी का पर्व बन गया. आज बहन भाई को राखी बांधती है, आरती उतारती है और मिठाई खिलाती है. भाई उपहार देकर उसके सुख-दुख में साथ निभाने का वादा करता है.