17
Raksha Bandhan 2026 Date: रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और अटूट रिश्ते का सबसे पवित्र पर्व माना जाता है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं. वहीं भाई जीवनभर अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेते हैं. हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन की तिथि और भद्रा को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं. आइए जानते हैं कि साल 2026 में रक्षाबंधन कब मनाया जाएगा, राखी बांधने का शुभ समय क्या रहेगा और क्या इस बार भद्रा का साया रहेगा या नहीं.
वैदिक पंचांग के अनुसार, रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा. पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9:09 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:49 बजे समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को ही मनाया जाएगा.
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
रक्षाबंधन पर शुभ मुहूर्त में राखी बांधना बेहद मंगलकारी माना जाता है. इस साल रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से सुबह 9:48 बजे तक रहेगा,इस दौरान बहनें विधि-विधान से भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं.
क्या इस बार भद्रा का साया रहेगा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भद्रा काल में राखी बांधना शुभ नहीं माना जाता.राहत की बात यह है कि 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा.हालांकि,27 अगस्त को पूर्णिमा तिथि के साथ सुबह 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक भद्रा रहेगी. लेकिन चूंकि रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा, इसलिए इस दिन बिना किसी बाधा के शुभ मुहूर्त में राखी बांधी जा सकेगी.
रक्षाबंधन का धार्मिक महत्व
रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है. इस दिन बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारती हैं, राखी बांधती हैं और उसकी सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. बदले में भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है और उसे उपहार भी देता है.
रक्षाबंधन से जुड़ी पौराणिक कथा
धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण की उंगली सुदर्शन चक्र से कट गई थी. तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया. द्रौपदी के इस स्नेह से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उनकी रक्षा का वचन दिया. बाद में चीरहरण के समय भगवान श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की लाज बचाकर अपना वचन निभाया. इसी घटना को रक्षाबंधन की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है.
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. Inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.