Home > धर्म > अश्वत्थामा से यमराज तक, महाभारत के इन श्रापों की कहानी रोंगटे खड़े कर देगी,ऐसे श्राप, जिनकी गूंज आज भी देती है सुनाई

अश्वत्थामा से यमराज तक, महाभारत के इन श्रापों की कहानी रोंगटे खड़े कर देगी,ऐसे श्राप, जिनकी गूंज आज भी देती है सुनाई

Mahabharat Ke Shraap: महाभारत केवल युद्ध और सत्ता संघर्ष का ग्रंथ नहीं है, बल्कि जीवन, धर्म, कर्म और उनके परिणामों की गहन व्याख्या भी करता है. इस महाकाव्य में कई ऐसे श्रापों का उल्लेख मिलता है, जिनके प्रभाव को धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज के कलयुग से भी जोड़ा जाता है. अर्जुन, युधिष्ठिर, परीक्षित, अश्वत्थामा और यमराज से जुड़े ये प्रसंग न केवल रोचक हैं, बल्कि जीवन के लिए महत्वपूर्ण संदेश भी देते हैं.

By: Ranjana Sharma | Published: June 30, 2026 5:07:07 PM IST



Mahabharat Ke Shraap: महाभारत को केवल कौरवों और पांडवों के बीच हुए युद्ध की कहानी मानना इसकी व्यापकता को सीमित कर देना होगा. यह महाग्रंथ मानव जीवन, धर्म, कर्म, रिश्तों, निर्णयों और उनके परिणामों का गहन दर्शन प्रस्तुत करता है. महाभारत में वर्णित घटनाएं आज भी लोगों को जीवन के विभिन्न पहलुओं पर सोचने के लिए प्रेरित करती हैं. इसी महाग्रंथ में कई ऐसे श्रापों का भी उल्लेख मिलता है, जिन्हें धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अत्यंत प्रभावशाली माना गया है. माना जाता है कि इनमें से कुछ श्रापों का असर कलयुग तक दिखाई देता है और ये मानव जीवन के लिए चेतावनी तथा सीख दोनों का काम करते हैं.

अर्जुन को उर्वशी का श्राप

महाभारत के अनुसार, एक समय अर्जुन दिव्य अस्त्रों की प्राप्ति के लिए स्वर्ग लोक गए थे. वहां उनकी मुलाकात स्वर्ग की प्रसिद्ध अप्सरा उर्वशी से हुई. अर्जुन के तेज, पराक्रम और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उर्वशी उनके प्रति आकर्षित हो गईं. लेकिन अर्जुन ने उन्हें माता के समान सम्मान दिया, क्योंकि वे उन्हें अपने पूर्वजों की पत्नी के रूप में देखते थे. अर्जुन का यह व्यवहार उर्वशी को पसंद नहीं आया. उन्होंने इसे अपना अपमान समझा और क्रोधित होकर अर्जुन को नपुंसक होने का श्राप दे दिया. जब अर्जुन ने यह घटना देवराज इंद्र को बताई, तो इंद्र ने उन्हें समझाया कि भविष्य में यही श्राप उनके लिए वरदान साबित होगा. बाद में पांडवों के अज्ञातवास के दौरान अर्जुन ने बृहन्नला का रूप धारण किया और उसी श्राप के कारण अपनी पहचान छिपाने में सफल रहे.

युधिष्ठिर का समस्त स्त्री जाति को श्राप

महाभारत युद्ध समाप्त होने के बाद माता कुंती ने पांडवों को एक ऐसा रहस्य बताया जिसने उन्हें गहरे दुख में डाल दिया. कुंती ने खुलासा किया कि कर्ण उनके ज्येष्ठ पुत्र थे और इस प्रकार वे पांडवों के बड़े भाई थे.
यह सत्य जानकर पांडवों को अत्यंत पीड़ा हुई, क्योंकि युद्ध में उन्होंने अपने ही भाई का वध किया था. विशेष रूप से युधिष्ठिर इस बात से बेहद आहत हुए. क्रोध और दुख में उन्होंने समस्त स्त्री जाति को श्राप दिया कि भविष्य में कोई भी स्त्री किसी रहस्य को लंबे समय तक छिपाकर नहीं रख पाएगी. धार्मिक कथाओं में इस प्रसंग का उल्लेख विशेष रूप से किया जाता है.

राजा परीक्षित को मिला मृत्यु का श्राप

जब पांडव अपने अंतिम समय में स्वर्गारोहण के लिए निकल पड़े, तब उन्होंने हस्तिनापुर का शासन अभिमन्यु के पुत्र परीक्षित को सौंप दिया. राजा परीक्षित एक योग्य शासक थे, लेकिन एक घटना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी. दिन शिकार के दौरान वे जंगल में पहुंचे, जहां ऋषि शमीक गहन ध्यान में लीन थे. परीक्षित ने उनसे संवाद करने का प्रयास किया, लेकिन ध्यानस्थ होने के कारण ऋषि ने कोई उत्तर नहीं दिया. इसे अपना अपमान समझकर परीक्षित ने क्रोध में एक मरा हुआ सांप उठाकर ऋषि के गले में डाल दिया. जब ऋषि के पुत्र को इस घटना का पता चला, तो उन्होंने क्रोधित होकर राजा परीक्षित को श्राप दिया कि सात दिनों के भीतर तक्षक नाग के डसने से उनकी मृत्यु हो जाएगी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, परीक्षित की मृत्यु के बाद ही कलियुग का प्रभाव पृथ्वी पर अधिक व्यापक रूप से फैलने लगा.

अश्वत्थामा को श्रीकृष्ण का श्राप

महाभारत के सबसे चर्चित श्रापों में अश्वत्थामा को मिला श्राप भी शामिल है. युद्ध के अंतिम चरण में अश्वत्थामा ने प्रतिशोध की भावना में आकर रात्रि के समय पांडवों के पुत्रों की हत्या कर दी. जब पांडव और भगवान श्रीकृष्ण उनका पीछा करते हुए महर्षि वेदव्यास के आश्रम पहुंचे, तब अश्वत्थामा ने अपनी रक्षा के लिए ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर दिया. जवाब में अर्जुन ने भी ब्रह्मास्त्र छोड़ा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महर्षि वेदव्यास ने दोनों योद्धाओं को अस्त्र वापस लेने का आदेश दिया. अर्जुन ने अपना ब्रह्मास्त्र वापस ले लिया, लेकिन अश्वत्थामा ऐसा नहीं कर सके. तब उन्होंने अस्त्र की दिशा बदलकर उत्तरा के गर्भ की ओर कर दी, जहां अभिमन्यु का पुत्र पल रहा था. इस कृत्य से क्रोधित होकर भगवान श्रीकृष्ण ने अश्वत्थामा को श्राप दिया कि वे हजारों वर्षों तक पृथ्वी पर भटकते रहेंगे, घावों का कष्ट सहेंगे और सामान्य मनुष्यों की तरह जीवन नहीं जी पाएंगे.

ऋषि मांडव्य का यमराज को श्राप

महाभारत से जुड़ी एक अन्य प्रसिद्ध कथा ऋषि मांडव्य और यमराज की है. एक बार राजा की भूल के कारण निर्दोष ऋषि मांडव्य को कठोर दंड दिया गया और उन्हें फांसी पर लटका दिया गया. आश्चर्यजनक रूप से लंबे समय तक फांसी पर रहने के बाद भी उनके प्राण नहीं निकले. बाद में जब राजा को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने ऋषि से क्षमा मांगी. इसके बाद ऋषि मांडव्य ने यमराज से पूछा कि उन्हें ऐसा दंड किस कारण मिला. यमराज ने बताया कि बचपन में उन्होंने एक छोटे जीव को कष्ट पहुंचाया था, उसी कर्म का फल उन्हें मिला. ऋषि मांडव्य ने इसे अन्यायपूर्ण माना और कहा कि बाल्यावस्था में की गई भूल के लिए इतना कठोर दंड उचित नहीं है. क्रोधित होकर उन्होंने यमराज को श्राप दिया कि उन्हें मनुष्य योनि में जन्म लेना होगा. इसी श्राप के कारण यमराज ने महाभारत काल में विदुर के रूप में जन्म लिया.

श्रापों में छिपी है कर्म और धर्म की सीख

महाभारत में वर्णित ये श्राप केवल अलौकिक घटनाएं नहीं माने जाते, बल्कि इन्हें कर्मों के परिणाम और धर्म के महत्व की प्रतीकात्मक व्याख्या भी माना जाता है. प्रत्येक श्राप किसी न किसी नैतिक संदेश से जुड़ा हुआ है, जो यह बताता है कि व्यक्ति के कर्म उसके भविष्य को किस प्रकार प्रभावित कर सकते हैं. यही कारण है कि हजारों वर्ष बाद भी महाभारत के ये प्रसंग लोगों के बीच चर्चा और आस्था का विषय बने हुए हैं.

Advertisement