Home > धर्म > चमत्कारी है बिलासपुर का मां घसिया देवी मंदिर, दर्शन करने मात्र से गूंगा भी बोलने लगता है! रोचक है मान्यता

चमत्कारी है बिलासपुर का मां घसिया देवी मंदिर, दर्शन करने मात्र से गूंगा भी बोलने लगता है! रोचक है मान्यता

Maa Ghasiya Devi temple: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित माता घसिया देवी मंदिर से जुड़ी कई ऐसी मान्यताएं प्रचलित हैं, जो इसे अन्य शक्तिपीठों से अलग पहचान दिलाती हैं. यहां की सबसे हैरान करने वाली मान्यता यह है कि वाणी दोष से पीड़ित व्यक्ति भी मां घसिया देवी की कृपा से बोलने की शक्ति प्राप्त कर सकता है. पढ़िए मंदिर से जुड़ी जानकारी-

By: Lalit Kumar | Published: July 8, 2026 2:59:05 PM IST



Maa Ghasiya Devi temple: भारत में प्राचीन काल से कई ऐसे मंदिर हैं, जिनसे जुड़ी मान्यताएं, चमत्कार और अनसुलझे रहस्य लोगों को हैरान कर देते हैं. इनमें कुछ मंदिर वास्‍तव में ऐसे हैं, जिनके बारे में सुनने के बाद इन्‍हें करीब से देखने और जानने की उत्सुकता बढ़ जाती है. ऐसा ही एक रहस्यमयी मंदिर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित है. इसको माता घसिया देवी मंदिर के नाम से जानते हैं. जी हां, मां घसिया देवी मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और चमत्कार का अनूठा संगम माना जाता है. इस मंदिर से जुड़ी कई ऐसी मान्यताएं प्रचलित हैं, जो इसे अन्य शक्तिपीठों से अलग पहचान दिलाती हैं. 

स्थानीय लोगों का विश्वास है कि जो श्रद्धालु सच्चे मन से मां के दरबार में माथा टेककर प्रार्थना करता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं. सबसे हैरान करने वाली मान्यता यह है कि वाणी दोष से पीड़ित व्यक्ति भी मां घसिया देवी की कृपा से बोलने की शक्ति प्राप्त कर सकता है. इसी विश्वास के चलते दूर-दराज के राज्यों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और माता के चरणों में अपनी पीड़ा और मनोकामनाएं अर्पित करते हैं. आइए जानते हैं मंदिर से जुड़ी रोचक जानकारी-

आस्था का केंद्र है मां घसिया देवी मंदिर

बिलासपुर शहर का मां घसिया देवी मंदिर क्षेत्र के सबसे प्राचीन और पूजनीय शक्ति पीठों में गिना जाता है. यह मंदिर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. विशेष अवसरों पर यहां भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं.

गूंगे के बोलने की है मान्यता

घसिया देवी मंदिर से जुड़ी सबसे चर्चित मान्यता यह है कि, जो व्यक्ति बोल नहीं पाता या वाणी संबंधी परेशानी से जूझ रहा हो, वह यदि सच्ची श्रद्धा से मां घसिया देवी की पूजा करे, तो उसे लाभ प्राप्त होता है. स्थानीय लोग बताते हैं कि, वर्षों से इस तरह की आस्था चली आ रही है. इसी विश्वास के कारण दूर-दूर से परिवार अपने बच्चों और परिजनों को यहां लेकर आते हैं. हालांकि, इस मान्यता का वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है.

नवरात्र में उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब

चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान मंदिर का वातावरण बेहद भव्य हो जाता है. इन 9 दिनों में विशेष पूजा, दुर्गा सप्तशती का पाठ, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाता है. मंदिर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाता है. इस दौरान लाखों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

मनोकामना पूरी होने पर चढ़ाते हैं भेंट

भक्तों का विश्वास है कि मां घसिया देवी अपने दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. मनोकामना पूर्ण होने पर लोग नारियल, चुनरी, शृंगार का सामान और प्रसाद अर्पित कर माता का आभार व्यक्त करते हैं. कई श्रद्धालु विशेष पूजा और कन्या भोज का आयोजन भी कराते हैं.

Advertisement