Khobra Nath Bhairav Temple: भारत में कई प्राचीन मंदिर रहस्यों से भरे हैं. यहां होने वाली घटनाएं लोगों को चौंकाती हैं. ऐसी ही एक मंदिर राजस्थान में मौजूद है. जी हां, राजस्थान के इस मंदिर में दीपावली के मौके पर सिर्फ पूजा-पाठ के लिए नहीं, बल्कि शादी की मनोकामना लेकर लोग पहुंचते हैं. यहां भगवान भैरव को ‘शादी देव’ के नाम से भी पुकारा जाता है. मान्यता है कि जिन युवक-युवतियों के विवाह में देरी हो रही है, वे यहां आकर बाबा से प्रार्थना करते हैं और दीपक जलाते हैं. हम बात कर रहे हैं अजमेर के खोबरा नाथ भैरव मंदिर की. इस मंदिर से ब्रह्मा जी के यज्ञ की कथा भी जोड़ी जाती है. अब सवाल है कि आखिर, क्यों दीपावली पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है? क्या है कुंवारों की शादी से जुड़ी मान्यता? आइए पढ़िए रोचक कथा-.
अजमेर की पहाड़ी पर विराजते हैं खोबरा नाथ भैरव
राजस्थान के अजमेर में आनासागर झील के पास रामप्रसाद घाट के ऊपर पहाड़ी पर स्थित खोबरा नाथ भैरव मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. मंदिर में विराजमान भैरव बाबा को कई श्रद्धालु ‘शादी देव’ के नाम से भी जानते हैं. यहां दूर-दूर से लोग दर्शन और पूजा करने पहुंचते हैं. मंदिर की खास पहचान इसकी विवाह से जुड़ी मान्यता है. जिन युवक-युवतियों के विवाह में अड़चन आ रही हो, वे यहां आकर अपनी मनोकामना व्यक्त करते हैं. स्थानीय आस्था के अनुसार, सच्चे मन से बाबा की पूजा करने और मन्नत मांगने से विवाह संबंधी बाधाएं दूर हो सकती हैं.
दीपावली पर क्यों उमड़ती है भीड़?
खोबरा नाथ भैरव मंदिर में दीपावली के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और मेले की परंपरा रही है. इस मौके पर खासतौर पर कायस्थ समाज के श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं. स्थानीय परंपरा के अनुसार, कई परिवार घर में महालक्ष्मी पूजन से पहले यहां हाजिरी लगाते हैं. दीपावली के समय मंदिर में सजावट की जाती है और भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ बाबा के सामने दीपक जलाते हैं. विवाह में देरी का सामना कर रहे युवक-युवतियों और उनके परिवारों के लिए भी यह मंदिर विशेष आस्था रखता है.
क्यों कहा जाता है ‘शादी देव’?
मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि यहां श्रद्धापूर्वक दर्शन करने और मन्नत मांगने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर हो सकती हैं. कुछ श्रद्धालु अपनी मनोकामना लिखकर पर्ची भी अर्पित करते हैं. इसी विश्वास के कारण बाबा को ‘शादी देव’ कहा जाने लगा. यहां आने वाले भक्त केवल विवाह ही नहीं, बल्कि परिवार की सुख-शांति और दूसरी मनोकामनाओं के लिए भी प्रार्थना करते हैं. मंदिर की यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही स्थानीय आस्था का हिस्सा है.
ब्रह्मा जी के यज्ञ से क्या है संबंध?
मंदिर को लेकर ब्रह्मा जी के यज्ञ से जुड़ी कथा भी सुनाई जाती है. हालांकि, इस प्रसंग का विस्तृत और प्रमाणित ऐतिहासिक विवरण उपलब्ध नहीं है.