Jagannath Rath Yatra Rules: उड़ीसा के पुरी में निकलने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा को सनातन धर्म के सबसे पवित्र और भव्य आयोजनों में गिना जाता है. हर साल लाखों श्रद्धालु इस दिव्य यात्रा में शामिल होने के लिए देश-विदेश से पुरी पहुंचते हैं. इस खास अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं.
धार्मिक मान्यता है कि जो भक्त सच्चे मन और श्रद्धा के साथ रथ यात्रा में शामिल होता है, उसके कई जन्मों के पाप मिट जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. लेकिन इस पवित्र यात्रा से कुछ नियम और परंपराएं भी जुड़ी हुई हैं, जिनका पालन करना बेहद जरूरी माना जाता है. कहा जाता है कि अगर कोई व्यक्ति यात्रा के दौरान कुछ गलतियां करता है तो महाप्रभु नाराज हो सकते हैं.अगर आप भी इस बार पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले इन जरूरी नियमों और सावधानियों के बारे में जरूर जान लें.
महाप्रसाद का कभी न करें अपमान
जगन्नाथ मंदिर में बनने वाले महाप्रसाद को बेहद पवित्र माना जाता है. मान्यता है कि यह केवल भोजन नहीं बल्कि स्वयं भगवान का आशीर्वाद होता है.अगर यात्रा के दौरान कोई श्रद्धालु या सेवक आपको महाप्रसाद दे तो उसे सम्मानपूर्वक ग्रहण करें. प्रसाद को फेंकना, नीचे गिराना या अधूरा छोड़ देना अशुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा करना महाप्रभु का अपमान माना जाता है.
रथ खींचते समय न करें धक्का-मुक्की
जगन्नाथ जी के रथ की रस्सी खींचना बेहद पुण्य का काम माना जाता है. ऐसा कहा जाता है कि रथ की रस्सी को स्पर्श करने मात्र से भी व्यक्ति को विशेष पुण्य प्राप्त होता है.लेकिन कई बार श्रद्धालु उत्साह में धक्का-मुक्की या बहस करने लगते हैं. धार्मिक दृष्टि से इसे गलत माना गया है. यात्रा के दौरान गुस्सा, अभिमान और दूसरों को चोट पहुंचाने जैसी बातें आपकी भक्ति और पुण्य को कम कर सकती हैं. इसलिए हमेशा सेवा और विनम्रता के भाव से यात्रा में शामिल हों.
चमड़े की वस्तुओं से रखें दूरी
रथ यात्रा और मंदिर के आसपास चमड़े से बनी वस्तुएं पहनना या साथ रखना अशुभ माना जाता है. कोशिश करें कि रथ के करीब जाते समय चमड़े की बेल्ट, पर्स या जूते-चप्पल का इस्तेमाल न करें.इसके साथ ही यात्रा में शामिल होने से पहले सात्विकता का पालन करना भी जरूरी माना जाता है. तामसिक भोजन और गलत व्यवहार से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है.
यात्रा के दौरान करें ये शुभ काम
- यात्रा के समय जय जगन्नाथ या हरे कृष्ण मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है.
- बुजुर्ग, बीमार और दूर से आए श्रद्धालुओं की मदद करना पुण्यदायी माना गया है.
- प्यासे भक्तों को पानी पिलाना महाप्रभु जगन्नाथ की विशेष सेवा मानी जाती है.
- गुंडिचा मंदिर पहुंचने के बाद वहां के नियमों और परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ पालन करना चाहिए.
क्यों खास मानी जाती है जगन्नाथ रथ यात्रा?
जगन्नाथ रथ यात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि आस्था, सेवा और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है. इस यात्रा में भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आते हैं. यही वजह है कि इसे देखने और इसमें शामिल होने के लिए लाखों लोग सालभर इंतजार करते हैं.