46
Gupt Navratri 2026: अगर किसी कारण से आप इस बार आषाढ़ गुप्त नवरात्रि के दौरान नियमित पूजा-पाठ नहीं कर पाए हैं, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि भी देवी साधना के लिए बेहद शुभ मानी जाती है. कहा जाता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से की गई पूजा से मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त होता है और साधक की कई मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं.
मान्यता है कि गुप्त नवरात्रि में देवी के विभिन्न स्वरूपों की आराधना विशेष फलदायी होती है. ऐसे में अंतिम दिन कुछ आसान उपाय अपनाकर भी माता की कृपा प्राप्त की जा सकती है.
नवमी तिथि पर किन देवियों की होती है पूजा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ गुप्त नवरात्रि की नवमी पर मां मातंगी और मां कमला की विशेष पूजा की जाती है. मां मातंगी को ज्ञान, वाणी, संगीत और कला की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है, जबकि मां कमला को धन, वैभव और समृद्धि प्रदान करने वाली महाविद्या के रूप में पूजा जाता है.मान्यता है कि इन दोनों देवियों की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, मान-सम्मान और आर्थिक उन्नति के मार्ग खुलते हैं.
मां मातंगी को प्रसन्न करने का आसान उपाय
यदि आप मां मातंगी का आशीर्वाद पाना चाहते हैं, तो पूजा के दौरान ‘ॐ ऐं ह्रीं श्रीं मातंग्यै नमः’ या ‘ॐ ह्रीं क्लीं हूं मातंग्यै फट् स्वाहा’ मंत्र का श्रद्धापूर्वक जप करें.मान्यता है कि इस साधना से वाणी में मधुरता आती है और शिक्षा, संगीत, कला तथा ज्ञान के क्षेत्र में सफलता मिलने की संभावना बढ़ती है.
मां कमला की पूजा कैसे करें?
नवमी के दिन मां कमला को कमल का फूल और खीर अर्पित करना शुभ माना जाता है. इसके बाद कमलगट्टे की माला से उनके मंत्र का जप करने की परंपरा है.धार्मिक मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है.
नवमी के दिन ये उपाय भी माने जाते हैं शुभ
अगर आप देवी की विशेष कृपा पाना चाहते हैं, तो नवमी तिथि पर ये उपाय भी कर सकते हैं-
- देवी मंदिर में जाकर नारियल, चुनरी और श्रृंगार का सामान अर्पित करें.
- श्री यंत्र की पूजा करें और श्रद्धा के साथ श्रीसूक्त का पाठ करें.
- दुर्गा कवच का पाठ करना भी शुभ माना जाता है.
- नौ कन्याओं और एक बालक (भैरव स्वरूप) का पूजन कर उन्हें भोजन कराएं और अपनी क्षमता के अनुसार दक्षिणा या उपहार दें.
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. Inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.