18 पुराणों में गरुड़ पुराण को सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना गया है. इस ग्रंथ में मृत्यु, परलोक और आत्मा की यात्रा के बारे में वर्णन किया गया है, लेकिन ये सिर्फ इसी तक सीमित नहीं है.
गरुण पुराण में दैनिक जीवन से जुड़े कुछ नियमों के बारे में भी बताया गया है. इसमें कुछ ऐसे कामों के बारे में बताया गया है, जो व्यक्ति जाने-अनजाने में कर जाता है, लेकिन उसका प्रभाव कंगाली और दरिद्रता के रास्ते पर ले जाता है. गरुण पुराण में कुछ ऐसे कार्यों के बारे में बताया गया है, जिन्हें रात में करने से घर में दरिद्रता और गरीबी आती है. आइये जानते हैं कि वो कौन-से ऐसे काम हैं जिन्हें भूलकर भी रात के वक्त नहीं करना चाहिए.
तुलसी में जल देना
सनातन धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र माना गया है. शास्त्रों के अनुसार तुलसी में जल देने और उसकी पूजा-अर्चना करने से घर की सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है. लेकिन इसके विपरीत अगर रात के समय में तुलसी को जल दिया जाये, तो घर में तंगी आती है. गरुण पुराण में रात में तुलसी में जल देने की सख्त मनाही की गयी है.
रात में अंतिम संस्कार
16 संस्कारों में अंतिम संस्कार व्यक्ति का आखिरी संस्कार होता है, जो मृत्यु के बाद किया जाता है. हिंदू धर्म में मृत्यु के बाद विधिपूर्वक अंतिम संस्कार करने का विधान है, जिसे दाह संस्कार भी कहा जाता है. अंतिम संस्कार के बाद ही व्यक्ति को मुक्ति मिलती है, लेकिन गरुड़ पुराण के अनुसार अगर किसी व्यक्ति का अंतिम संस्कार सूर्यास्त के बाद या रात में किया जाता है, तो उसे मुक्ति नहीं मिलती और वो जन्म-मृत्यु के बंधनों से नहीं छूटता, इसलिए गरुड़ पुराण में इसकी सख्त मनाही है.
रात को मृत शरीर को अकेला छोड़ना
चूंकि गरुण पुराण में रात को अंतिम संस्कार करने की मनाही है, इसलिए रात के वक्त अगर किसी की मृत्यु होती है तो उसका अंतिम संस्कार अगले दिन सूर्योदय के बाद किया जाता है. लेकिन रात भर मृत व्यक्ति के शव को रखने की एक शर्त ये भी है कि मृत शरीर को अकेला नहीं छोड़ा जाता. किसी न किसी व्यक्ति को शव के पास रातभर बैठे रहना चाहिये. ऐसा माना जाता है कि रात के समय बुरी शक्तियां सक्रिय हो जाती हैं. ऐसे में अगर शव को अकेला छोड़ दिया जाता है, तो मृत शरीर में बुरी शक्तियां प्रवेश कर सकती हैं. इसलिए शव के पास बैठे रहना चाहिए और धूप-दीप जलाए रखना चाहिए.
घर की सफाई
घर को साफ़ रखने से सुख-समृद्धि आती है, लेकिन गरुड़ पुराण के अनुसार अगर आप रात में घर की सफाई करते हैं, खासतौर पर अगर रात के वक्त झाड़ू लगाते हैं, तो घर में समृद्धि के बजाय कंगाली आने लगती है. मान्यता है कि रात के वक्त सफाई करने से धन की देवी माता लक्ष्मी रूठ जाती हैं, जिससे घर की बरकत नहीं होती और गरीबी आती है.
डिस्क्लेमर: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं. Inkhabar इस लेख में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है. पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें.