Antim sanskar niyam: जीवन और मृत्यु प्रकृति का ऐसा सत्य हैं, जिससे कोई भी बच नहीं सकता. फिर भी अधिकांश लोग मृत्यु के विषय पर चर्चा करने से कतराते हैं. हिंदू धर्मग्रंथों में मृत्यु को अंत नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत माना गया है. यही कारण है कि अंतिम संस्कार से जुड़े हर नियम का अपना धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बताया गया है. गरुड़ पुराण में भगवान विष्णु ने गरुड़ को मृत्यु, यमलोक, आत्मा की यात्रा, नरक योनियों और मोक्ष जैसे विषयों पर विस्तार से ज्ञान दिया है. इन्हीं शिक्षाओं में यह भी बताया गया है कि दाह संस्कार के बाद परिजनों को श्मशान की ओर पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए.
युधिष्ठिर ने बताया था दुनिया का सबसे बड़ा आश्चर्य
महाभारत में यक्ष और युधिष्ठिर संवाद का उल्लेख मिलता है. जब यक्ष ने युधिष्ठिर से संसार का सबसे बड़ा आश्चर्य पूछा था, तब उन्होंने उत्तर दिया था कि मनुष्य प्रतिदिन दूसरों को मरते हुए देखता है, लेकिन फिर भी यह सोचता है कि वह हमेशा जीवित रहेगा. यही जीवन का सबसे बड़ा सत्य है कि जन्म लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मृत्यु निश्चित है. पांच तत्वों से बना शरीर एक दिन उन्हीं में विलीन हो जाता है.हिंदू दर्शन के अनुसार मानव शरीर पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पांच तत्वों से निर्मित है. मृत्यु के बाद यही शरीर पुनः इन तत्वों में विलीन हो जाता है.
इसी सत्य को भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने भी स्पष्ट किया है—
“जातस्य हि ध्रुवो मृत्यु: ध्रुवं जन्म मृतस्य च”
अर्थात जिसका जन्म हुआ है उसकी मृत्यु निश्चित है और जिसकी मृत्यु हुई है उसका पुनर्जन्म भी निश्चित है. यह सृष्टि का शाश्वत नियम है.
अंतिम संस्कार को क्यों माना गया सबसे महत्वपूर्ण संस्कार?
हिंदू धर्म में मनुष्य के जीवन से जुड़े 16 संस्कार बताए गए हैं. इनमें अंतिम संस्कार को विशेष महत्व प्राप्त है क्योंकि यह आत्मा की आगे की यात्रा से जुड़ा माना जाता है. गरुड़ पुराण में अंतिम संस्कार से जुड़े कई नियमों का वर्णन मिलता है, जिनमें सूर्यास्त से पहले दाह संस्कार, कपाल क्रिया, मुंडन, पिंडदान, श्राद्ध कर्म और तेरहवीं के संस्कार शामिल हैं. इन्हीं नियमों में एक महत्वपूर्ण परंपरा यह भी है कि श्मशान घाट से लौटते समय पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए.
दाह संस्कार के बाद पीछे मुड़कर क्यों नहीं देखना चाहिए?
गरुड़ पुराण के अनुसार दाह संस्कार के बाद शरीर नष्ट हो जाता है, लेकिन आत्मा का अस्तित्व बना रहता है. भगवद्गीता में कहा गया है—
“नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि, नैनं दहति पावकः”
अर्थात आत्मा को न शस्त्र काट सकते हैं और न अग्नि जला सकती है. मान्यता है कि मृत्यु के बाद आत्मा कुछ समय तक अपने परिवार, घर और प्रियजनों के प्रति मोह में बंधी रह सकती है. यह मोह उसकी आगे की यात्रा में बाधा उत्पन्न करता है. ऐसे में यदि परिजन श्मशान छोड़ते समय बार-बार पीछे मुड़कर देखते हैं, तो आत्मा को यह संकेत मिल सकता है कि उसके प्रियजन अब भी उससे गहराई से जुड़े हुए हैं. इससे उसका मोह बढ़ सकता है और वह सांसारिक बंधनों को छोड़ने में कठिनाई महसूस कर सकती है.
आत्मा को आगे बढ़ने का संकेत माना जाता है यह नियम
धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब परिजन बिना पीछे देखे आगे बढ़ जाते हैं तो यह एक प्रतीकात्मक संदेश होता है कि अब आत्मा का इस संसार से संबंध समाप्त हो चुका है. इससे आत्मा को अपनी अगली यात्रा की ओर बढ़ने और नए मार्ग को स्वीकार करने में सहायता मिलती है. यही कारण है कि मृत्यु के बाद 13 दिनों तक किए जाने वाले कर्मकांड भी आत्मा और परिवार के बीच सांसारिक संबंधों को धीरे-धीरे समाप्त करने की प्रक्रिया का हिस्सा माने जाते हैं.
श्मशान में पीछे मुड़कर देखने को लेकर एक और मान्यता
कुछ धार्मिक मान्यताओं में यह भी कहा गया है कि श्मशान में मौजूद सूक्ष्म ऊर्जा या आत्माएं जीवित व्यक्तियों को प्रभावित कर सकती हैं. विशेष रूप से बच्चों को संवेदनशील माना जाता है, इसलिए उन्हें आगे चलने और पीछे न देखने की सलाह दी जाती है. हालांकि यह पूरी तरह धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित विचार हैं, जिनका उद्देश्य आत्मा की शांति और मोक्ष की अवधारणा को समझाना है. सिर्फ नियम नहीं, एक भावनात्मक संदेश भी है श्मशान से लौटते समय पीछे मुड़कर न देखने की परंपरा केवल धार्मिक नियम नहीं मानी जाती, बल्कि यह जीवन का एक गहरा संदेश भी देती है. इसका अर्थ है कि जो व्यक्ति इस संसार से विदा हो चुका है, उसे प्रेम और सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाए और उसकी आत्मा को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए. यह परंपरा जीवन की नश्वरता, मोह के त्याग और आत्मा की अनंत यात्रा की याद दिलाती है.