Gupta Godavari Mystery: भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. यहां कई ऐसे प्रमुख धार्मिक स्थल हैं जो करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं. चित्रकूट धाम इनमें से एक है. हिन्दू धर्म में चित्रकूट धाम का विशेष महत्व है.यह पवित्र स्थल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित है और इसे भगवान श्रीराम की तपोभूमि माना जाता है. इस जगह पर यात्रा करने मात्र से व्यक्ति के सभी पाप धुल जाते हैं. धार्मिक मान्यता है कि, वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण ने यहां 11 साल तक निवास किया था. इसी कारण चित्रकूट को ‘राम की कर्मभूमि’ कहा जाता है. यही नहीं, इसी स्थान पर भरत-मिलाप भी हुआ था. कुल मिलाकर, इस पवित्र जगह की जितनी व्याख्यान की जाए कम है, क्योंकि यहां के तमाम रहस्य की जानकारी आज तक किसी को नहीं है.
चित्रकूट में बहने वाली मंदाकिनी और कामदगिरि पर्वत की अपनी मान्यता है. वहीं, गुप्त गोदावरी गुफाएं भी रहस्य और आस्था का केंद्र बनी हुई हैं, जहां भगवान राम के दरबार लगाने की मान्यता है.
अद्भुत है गुप्त गोदावरी नदी का रहस्य
मध्य प्रदेश के चित्रकूट जिले में गोदावरी नदी (Gupta Godavari River) का उद्गम अपने आपमें रहस्यमयी है. इस नदी का जल कुछ ही दूर तक भूमिगत गुफा में दिखाई देने के बाद अपने आप गुप्त हो जाता है. बता दें, गुप्त गोदावरी राम घाट से करीब 18 किलोमीटर दूर है. ऐसी मान्यता है कि जब भक्त दर्शन करने के लिए गुफा से गुजरते हैं, तो उनके घुटनों तक पानी भरा होता है. इस स्थान को लेकर लोगों की काफी मान्यताएं हैं, जो भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
गुप्त गोदावरी में लगता था राम दरबार
गुप्त गोदावरी चित्रकूट धाम का एक अत्यंत रहस्यमयी और पवित्र स्थल माना जाता है. यह दो प्राकृतिक गुफाओं का समूह है, जहां एक संकरी गुफा के भीतर से जलधारा बहती है, जिसे गोदावरी नदी का रूप माना जाता है. मान्यता है कि, वनवास काल में भगवान राम और लक्ष्मण यहां निवास करते थे और इसी गुफा में दरबार लगाया करते थे. गुफा के अंदर एक प्राकृतिक जलधारा बहती है, जिसमें श्रद्धालु पानी में चलते हुए दर्शन करते हैं.
गुफा में जलधारा का स्रोत स्पष्ट नहीं
सबसे खास बात यह है कि इस जलधारा का स्रोत स्पष्ट नहीं है. कहा जाता है कि गोदावरी नदी यहां “गुप्त” रूप में प्रकट होती है और कुछ दूरी बाद अचानक लुप्त हो जाती है, जिससे यह स्थान रहस्य और आस्था का केंद्र बन गया है. गुफा के भीतर भगवान राम और लक्ष्मण से जुड़े कई प्रतीकात्मक स्थल भी देखने को मिलते हैं. श्रद्धालु यहां दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना करते हैं.
चित्रकूट चारधाम यात्रा का अहम पड़ाव
चित्रकूट दो शब्दों चित्र और कूट से मिलकर बना है. इसका अर्थ है शिखर या चोटी. चित्रकूट नगरी का सनातन धर्म में एक विशेष स्थान है. यह सभी राम भक्तों के दिल के करीब है, क्योंकि राम जी ने वनवास काल के कुछ वर्ष यहां भी बिताएं थे. इसे संतों की नगरी भी कहा जाता है. इसके अलावा यह चार धाम की तीर्थ यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है. कहते हैं कि, इस चमत्कारी स्थान पर यात्रा किए बिना कोई भी तीर्थ यात्रा कभी पूरी नहीं होती है.