Anant Ambani: अनंत अंबानी इन दिनों अपनी एक खास घड़ी को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. यह कोई साधारण लग्जरी वॉच नहीं, बल्कि आध्यात्मिक भाव से जुड़ी एक अनोखी कस्टम घड़ी है, जिसे ‘Opera Godfather Baguette Shiva’ नाम दिया गया है. इस घड़ी की सबसे बड़ी खासियत इसका डायल है, जिसमें भगवान शिव की बेहद सुंदर और बारीकी से बनाई गई छोटी प्रतिमा जड़ी गई है.
अंबानी परिवार की धार्मिक आस्था जगजाहिर है और यह बात उनके जीवनशैली में भी साफ झलकती है. इसी कड़ी में अनंत अंबानी की यह खास घड़ी एक बार फिर दिखाती है कि कैसे लग्जरी और आध्यात्म एक साथ जुड़ सकते हैं. बताया जा रहा है कि यह घड़ी खास तौर पर कस्टमाइज करवाई गई है, जिसमें ओम और त्रिशूल जैसे पवित्र प्रतीकों को भी खूबसूरती से शामिल किया गया है.
18 कैरेट रोज गोल्ड से बनी घड़ी
इस शानदार वॉच को बनाने वाली कंपनी Jacob & Co. ने खुद इसकी जानकारी साझा की है. उनके अनुसार, यह घड़ी 18 कैरेट रोज गोल्ड से तैयार की गई है और इसमें सैकड़ों बैगेट-कट हीरे जड़े हुए हैं. इसकी डिजाइनिंग इतनी जटिल है कि इसे बनाने में कुल 658 अलग-अलग पुर्जों का इस्तेमाल हुआ है. इतना ही नहीं, इस घड़ी में एक मिनिएचर म्यूजिक बॉक्स भी मौजूद है, जो बटन दबाने पर मधुर धुन बजाता है, जिससे यह और भी खास बन जाती है.
12 करोड़ रुपये है कीमत
कीमत की बात करें तो इस अनोखी ‘शिवा वॉच’ की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत अंबानी के पास लग्जरी घड़ियों का एक बेहद बड़ा कलेक्शन है, जिसकी कुल कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये के आसपास आंकी जाती है. इस कलेक्शन में Patek Philippe और Richard Mille जैसे दिग्गज ब्रांड्स की बेहद महंगी और लिमिटेड एडिशन घड़ियां शामिल हैं.
पिछले साल की थी पदयात्रा
अनंत अंबानी सिर्फ अपने महंगे शौक के लिए ही नहीं, बल्कि वे अक्सर देश के प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने पहुंचते हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी पत्नी के साथ नवी मुंबई स्थित एक मंदिर में पूजा की थी.पिछले साल अपने जन्मदिन से पहले अनंत अंबानी ने एक लंबी पदयात्रा भी की थी, जिसमें वे जामनगर से द्वारका तक करीब 140 किलोमीटर पैदल चले थे. यह सब उनके जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व को दर्शाता है. कुल मिलाकर, उनकी यह ‘शिवा वॉच’ सिर्फ एक महंगी एक्सेसरी नहीं, बल्कि उनकी आस्था और विश्वास का भी प्रतीक बनकर सामने आई है.