Home > धर्म > अगोरी दुर्ग में छिपा बेशकीमती खजाना? राजा ने सुरक्षा के लिए पहाड़ी पर बनवाया मनियां देवी का मंदिर! रोचक है कहानी

अगोरी दुर्ग में छिपा बेशकीमती खजाना? राजा ने सुरक्षा के लिए पहाड़ी पर बनवाया मनियां देवी का मंदिर! रोचक है कहानी

Sonbhadra Agori Fort Mystery: यूपी के सोनभद्र में मौजूद अगोरी दुर्ग को लेकर आज भी कई ऐसी लोककथाएं सुनने को मिलती हैं, जो लोगों की उत्सुकता बढ़ा देती हैं. इन्हीं में से एक कहानी किले के कथित खजाने और पहाड़ी पर बने मनियां देवी मंदिर से जुड़ी है.पढ़िए मंदिर से जुड़ी रोचक कहानी-

By: Lalit Kumar | Published: September 3, 2026 1:39:19 PM IST



Sonbhadra Agori Fort Mystery: भारत प्रचीनकाल से नेचुरल खूबसूरती के साथ-साथ किलों और मंदिरों के लिए जाना जाता रहा है. इनसे जुड़ी कहानियां और मान्यताएं लोगों को हैरान करती हैं. ऐसा ही एक किला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में स्थित है. यह जितना अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है, उतना ही अपने प्राचीन किलों और उनसे जुड़ी रहस्यमयी कहानियों के लिए भी मशहूर है. बता दें कि, यहां मौजूद अगोरी दुर्ग को लेकर आज भी कई ऐसी लोककथाएं सुनने को मिलती हैं, जो लोगों की उत्सुकता बढ़ा देती हैं. इन्हीं में से एक कहानी किले के कथित खजाने और पहाड़ी पर बने मनियां देवी मंदिर से जुड़ी है. कहा जाता है कि, राजा ने इस मंदिर का निर्माण केवल धार्मिक आस्था के लिए नहीं, बल्कि खजाने की सुरक्षा के लिए बनवाया था. पढ़िए मंदिर से जुड़ी रोचक कहानी-

पहाड़ी पर मंदिर बनवाने के पीछे क्या थी वजह?

स्थानीय मान्यताओं और जानकारों के अनुसार, अगोरी दुर्ग के राजाओं के पास काफी संपत्ति और खजाना था. पुराने समय में युद्ध या राजनीतिक संकट के दौरान राजाओं को कभी-कभी अपना किला छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ता था. ऐसे में खजाने की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होती थी. लोककथा के अनुसार, राजा ने इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए पहाड़ी पर मनियां देवी का मंदिर बनवाया. मान्यता है कि मंदिर को ऐसा स्थान माना गया, जहां जरूरत पड़ने पर राजकीय खजाने को सुरक्षित रखा जा सके. यानी अगर किसी परिस्थिति में राजा को अगोरी दुर्ग छोड़ना पड़े, तो खजाना किले में छोड़ने के बजाय अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके.

किले का खजाना और मंदिर से जुड़ी कहानी

जानकारी के मुताबिक, जब राजा बालंद शाह युद्ध में पराजित हुए और दुर्ग छोड़कर जाने लगे, तो उन्होंने मंदिर में छुपाए गए किले के कोष को अपने साथ ले लिया, जिससे उन्हें काफी धन प्राप्त हुआ. यहां के लोग यह भी मानते हैं कि, मंदिर के अज्ञात हिस्से में आज भी धन छुपा हुआ है, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं है. इसके अलावा, यह भी कहा जाता है कि जो कोई भी देवी की पूजा करता है, उसकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

क्या सच में किले में था बेशकीमती खजाना?

अगोरी दुर्ग से खजाने की कहानियां लंबे समय से स्थानीय चर्चाओं का हिस्सा रही हैं. हालांकि खजाने की वास्तविक मात्रा, उसके स्थान या उसके मंदिर में छिपाए जाने की बात का कोई स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आता. यही वजह है कि, यह कहानी इतिहास और लोकविश्वास के बीच खड़ी नजर आती है. किले की प्राचीनता, उसका दुर्गम इलाका और उससे जुड़ी रहस्यमयी कथाएं इस कहानी को और दिलचस्प बना देती हैं.

मंदिर और किले का क्या है संबंध?

मनियां देवी मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों में अलग-अलग मान्यताएं हैं. धार्मिक दृष्टि से मंदिर श्रद्धा का केंद्र है, वहीं इससे जुड़ी खजाने की कथा इसे ऐतिहासिक बनाती है. पुराने समय में मंदिरों को केवल पूजा स्थल ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के रूप में भी देखा जाता था. इसलिए किसी मंदिर का निर्माण राजपरिवार की आस्था, सुरक्षा या अन्य स्थानीय कारणों से जुड़ा होना संभव माना जा सकता है.

आज भी कायम है रहस्य

अगोरी दुर्ग और मनियां देवी मंदिर से जुड़ी खजाने की कहानी आज भी लोगों को आकर्षित करती है. क्या वास्तव में राजा ने खजाने को सुरक्षित रखने के लिए मंदिर बनवाया था या यह बाद में प्रचलित हुई लोककथा है? इसका स्पष्ट जवाब इतिहास के पास नहीं है. 

Advertisement