Home > राजस्थान > Makrana drowning incident: मकराना में दर्दनाक हादसा, पानी से भरी बंद खदान में डूबे दो मासूम, देर रात निकाले शव

Makrana drowning incident: मकराना में दर्दनाक हादसा, पानी से भरी बंद खदान में डूबे दो मासूम, देर रात निकाले शव

Makrana drowning incident: मकराना में दो मासूम बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरी बंद खदान में नहाने गए, जहां गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मिलकर रेस्क्यू चलाया, लेकिन देर रात दोनों के शव ही निकाले जा सके. घटना के बाद इलाके में शोक है और बंद खदानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है.

By: Ranjana Sharma | Last Updated: May 5, 2026 11:13:31 AM IST



Makrana drowning incident: डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना शहर में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरी बंद पड़ी खदान में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. खेलते-खेलते खदान तक पहुंचे बच्चों की यह मासूमियत भरी चूक उनके लिए जानलेवा साबित हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.

खेल-खेल में पहुंचे खदान, बन गई मौत की वजह

जानकारी के अनुसार अन्नू (11) पुत्र जयराम और बबलू (12) पुत्र भूराराम अपने साथियों के साथ खेलते-खेलते कातला रोड स्थित बोरावड़ कुम्हारी रेंज की बंद खदान तक पहुंच गए. तेज गर्मी के बीच बच्चों ने पानी से भरी खदान में नहाने का फैसला किया, लेकिन इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए. घटना के समय मौजूद अन्य बच्चों ने घबराकर आसपास के लोगों और परिजनों को सूचना दी. जब लोग मौके पर पहुंचे तो खदान के बाहर बच्चों के कपड़े पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई. इसके बाद परिजन और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन खदान की गहराई और पानी ज्यादा होने के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना मिलते ही सीओ विक्की नागपाल और सीआई जगदीश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और जिला प्रशासन को भी अलर्ट किया गया. शाम ढलने के साथ अंधेरा बढ़ने और खदान की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आईं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अजमेर से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात दोनों बच्चों के शव खदान से बाहर निकाले गए.

पूरे इलाके में शोक, उठी सुरक्षा की मांग

इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी खदानों को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके. मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. पुलिस मामले की औपचारिक कार्रवाई में जुटी हुई है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement