Home > राजस्थान > Dial 1090 PCR: महिला सुरक्षा को नई ताकत, ‘डायल 1090’ महिला PCR सेवा शुरू; तुरंत होगी कार्रवाई

Dial 1090 PCR: महिला सुरक्षा को नई ताकत, ‘डायल 1090’ महिला PCR सेवा शुरू; तुरंत होगी कार्रवाई

Dial 1090 PCR: यह पीसीआर वैन केवल शिकायत मिलने पर ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बालिका छात्रावासों, पुस्तकालयों और बाग-बगीचों में लगातार गश्त भी करेगी.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 30, 2026 11:45:19 PM IST



Nagaur Dial 1090 PCR: नागौर शहर में अब महिला सुरक्षा को लेकर एक मजबूत और भरोसेमंद पहल जमीन पर उतर आई है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश और जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर ‘डायल 1090’ महिला पीसीआर सेवा की शुरुआत की गई है, जो महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

एसपी ऑफिस से शुरू हुई महिला पीसीआर वैन

गुरुवार को एसपी ऑफिस परिसर में इस विशेष महिला पीसीआर वैन (1090) को शुरू किया गया. यह वैन पूरी तरह से महिला पुलिस बल द्वारा संचालित होगी, जिसमें चालक से लेकर इंचार्ज और स्टाफ तक सभी महिलाएं ही तैनात रहेंगी. इसका उद्देश्य यह है कि किसी भी महिला या छात्रा को अपनी समस्या बताने में झिझक महसूस न हो.

दो शिफ्ट में होगी संचालित

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ) नूर मोहम्मद के निर्देशन में संचालित यह सेवा प्रतिदिन दो शिफ्ट में काम करेगी—सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक. वैन में दो महिला उपनिरीक्षक, दो महिला हेड कांस्टेबल, आठ महिला कांस्टेबल और एक महिला चालक की नियुक्ति की गई है.

यह पीसीआर वैन केवल शिकायत मिलने पर ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बालिका छात्रावासों, पुस्तकालयों और बाग-बगीचों में लगातार गश्त भी करेगी. 

छेड़छाड़, पीछा करने जैसी घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाना मकसद

इसका मकसद भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छेड़छाड़, पीछा करने या महिलाओं को परेशान करने जैसी घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाना है. कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग के साथ काम करने वाली यह सेवा बेहद तेज़ प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार है. जैसे ही 1090 पर कोई कॉल या शिकायत दर्ज होती है, महिला पीसीआर वैन तत्काल मौके पर पहुंचकर विधि सम्मत कार्रवाई करेगी.

महिलाओं और छात्राओं से पुलिस प्रशासन की अपील

पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़ या पीछा करने की स्थिति में तुरंत 1090 पर कॉल करें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके. नागौर पुलिस की यह पहल ‘आधी आबादी’ को सुरक्षित और निर्भीक वातावरण देने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे जहां असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा, वहीं महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement