Jaipur Crime News: राजस्थान में जयपुर के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक डॉक्टर की लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया है. युवा रेजिडेंट डॉक्टर की लाश ऑपरेशन थिएटर में मिली. पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में ये आत्महत्या का मामला माना जा रहा है. हालांकि अभी तक बहुत से ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब अभी तक नहीं मिल सके हैं. वहीं इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश देखने को मिला. छात्र इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
सेकंड ईयर का छात्र था मृतक
मृतक की पहचान सुनील चौधरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वो एनेस्थीसिया विभाग में रेजिडेंसी के सेकंड ईयर का छात्र था. वो ऑपरेशन थिएटर में नाइट ड्यूटी पर था. रात लगभग 3 बजे उन्हें बेसुध हालत में पाया गया. मेडिकल टीम बुलाकर उसकी जांच कराई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं इस मामले के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कॉलेज परिसर में लंबे समय से ड्रग्स का अवैध कारोबार की बात कही है. आरोप है कि प्रशासन को इसके बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वे आंखें मूंदे हुए बैठे हैं. उन्होंने किसी तरह की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है. उनका कहना है कि इस तरह की गंभीर घटनाओं के रूप में अब लापरवाही का नतीजा सामने आ रहा है. इसको लेकर छात्र विरोध जता रहे हैं.
मामला दबाने की कोशिश का आरोप
साथ ही छात्रों ने ये आरोप भी लगाए हैं कि इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. वहीं पुलिस और प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच की बात कह रहे हैं. वहीं पुलिस की तरफ से कहा जा रहा है कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है. इस मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.