Rajasthan Jaipur Gangrape News: राजस्थान के जयपुर से एक युवती के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में मंदिर से लौट रही युवती के साथ कुछ युवकों ने गैंगरेप किया. जानकारी के मुताबिक तीन-चार दिन पहले एक युवती अपने परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी. मंदिर जंगल के इलाके में था. दर्शन कर वापस लौटते समय दोनों पेड़ के नीचे बैठ गए थे.
इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों को बंधक बना लिया. साथ ही मारपीट की गई. इसके बाद युवक को पेड़ से बांध दिया और युवती के साथ गैंगरेप किया. पीड़िता के मुताबिक करीब दो घंटे तक उसके साथ हैवानियत होती रही.
‘तुम्हारे फोटो-वीडियो घरवालों को भेजेंगे’
पीड़िता के अनुसार जब वह अपने साथी युवक के साथ बैठी थी, तो तीन चार युवकों ने पकड़ लिया और कहा कि तुम्हारे फोटो वीडियो तुम्हारे घरवालों को भेजेंगे. बाद में बंधक बनाकर मारपीट की और गैंगरेप किया.
यही नहीं आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि तुम्हारा अश्लील वीडियो बना लिया गया है. अगर किसी को घटना के बारे में बताया तो वीडियो वायरल करके बदनाम कर देंगे.
पीड़ित युवती ने दर्ज कराई शिकायत
वारदात के बाद पीड़ित युवती ने विश्वकर्मा थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई. बाद में परिवार की इज्जत का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया. पुलिस ने युवती से समझाइश की और कहा कि ऐसे दरिंदों को सजा दिलाने के लिए मुकदमा दर्ज कराना चाहिए.
इसके बाद युवती ने एफआईआर दर्ज कराई. मुकदमा दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया गया है.
कई संदिग्ध अश्लील वीडियो मिले
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मोबाइल में पुलिस को कई संदिग्ध अश्लील वीडियो मिले हैं. ऐसा लग रहा है कि बदमाशों ने दरिंदगी की और भी घटनाओं को अंजाम दिया है. आगे की कार्रवाई जारी है.