Home > राजस्थान > AIAPGET 2026: जयपुर में परीक्षा शुरू होते ही गुल हुई बिजली, घंटों सिस्टम बंद, उम्मीदवारों के प्रदर्शन के दौरान 3 छात्राएं बेहोश

AIAPGET 2026: जयपुर में परीक्षा शुरू होते ही गुल हुई बिजली, घंटों सिस्टम बंद, उम्मीदवारों के प्रदर्शन के दौरान 3 छात्राएं बेहोश

AIAPGET 2026 Exam: राजस्थान के जयपुर में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री एक पीजी कॉलेज में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां AIAPGET 2026 की परीक्षा के दौरान अचानक बिजली गुल होने से कई उम्मीदवारों की परीक्षा पर असर पड़ा.

By: Shristi S | Published: August 22, 2026 3:43:44 PM IST



AIAPGET 2026 Exam: मेडिकल पीजी में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अगर परीक्षा केंद्र की लापरवाही ही उम्मीदवारों के भविष्य पर भारी पड़ जाए, तो सवाल उठना लाजिमी है. राजस्थान के जयपुर में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री एक पीजी कॉलेज में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां AIAPGET 2026 की परीक्षा के दौरान अचानक बिजली गुल होने से कई उम्मीदवारों की परीक्षा पर असर पड़ा.

कंप्यूटर सिस्टम बंद होने के बाद उम्मीदवार काफी देर तक परीक्षा हॉल में बैठे रहे, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई. बाद में निर्धारित वक्त पूरा होने का हवाला देते हुए उन्हें केंद्र से बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद क्या था उम्मीदवारों का गुस्सा फूट पड़ा. मानसिक उत्पीड़न के कारण केंद्र के बाहर 3 छात्राएं बेहोश तक हो गई.

परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद अचानक गुल हो गई बिजली 

एक नजर की रिपोर्ट के मुताबिक, जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित परीक्षा केंद्र पर आज AIAPGET 2026 की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही थी. परीक्षा शुरू हुए महज 20 से 25 मिनट यानी सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर अचानक बिजली गुल हो गई, जिसके कारण कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गया. उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती से निपटने के लिए पर्याप्त बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी. भीषण गर्मी के बीच परीक्षा हॉल में बैठे छात्र-छात्राएं काफी देर तक सिस्टम दोबारा शुरू होने का इंतजार करते रहे.

वक्त की भरपाई किए बिना छात्रों को निकाला बाहर

उम्मीदवारों का कहना है कि बिजली गुल होने के बाद उन्होंने काफी समय तक परीक्षा केंद्र के अंदर बैठकर इंतजार किया. उन्हें उम्मीद थी कि बिजली आने के बाद परीक्षा दोबारा शुरू होगी और बर्बाद हुए समय की भरपाई की जाएगी. हालांकि, दोपहर 12 बजे निर्धारित समय पूरा होने का हवाला देते हुए केंद्र प्रशासन ने उम्मीदवारों को परीक्षा हॉल से बाहर कर दिया. छात्रों का आरोप है कि बिजली कटौती के कारण जो समय उनकी परीक्षा में बर्बाद हुआ, उसकी कोई भरपाई नहीं की गई. भीषण गर्मी और मानसिक तनाव के कारण 3 छात्राएं मौके पर बेहोश हो गई, जिसके कारण मामला और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया.

महीनों की तैयारी पर पानी फिरने से भड़के उम्मीदवार

परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के बाद उम्मीदवारों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. छात्रों का कहना था कि उन्होंने AIAPGET की तैयारी के लिए महीनों तक कड़ी मेहनत की थी. कई अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा मेडिकल पीजी में दाखिले और उनके करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा थी. ऐसे में परीक्षा के दौरान तकनीकी और बिजली संबंधी अव्यवस्था के कारण उनका पेपर प्रभावित होना उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा. अभ्यर्थियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए.

बिना पावर बैकअप के एग्जाम सेंटर कैसे बनाया गया?

नेशनल लेवल की ऑनलाइन कंप्यूटर-बेस्ड (CBT) परीक्षाएं कराने के नियमों के मुताबिक, हर एग्जाम सेंटर पर बिना रुकावट बिजली (UPS) और हैवी जनरेटर बैकअप होना चाहिए. इसके बावजूद, जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में सत्य साईं PG कॉलेज को सेंटर बनाने और पावर बैकअप न होने पर सवाल उठ रहे हैं. उम्मीदवारों ने इस एग्जाम सेंटर पर हुई गड़बड़ियों की हाई-लेवल जांच की मांग की है और कहा है कि एग्जाम रीशेड्यूल किया जाए या जिनका पावर कट की वजह से टाइम खराब हुआ, उन्हें सही बोनस टाइम दिया जाए.

पुलिस ने हालात कंट्रोल करने की कोशिश की

सेंटर के बाहर बढ़ते हंगामे के बाद, लोकल पुलिस पहुंची और हालात को कंट्रोल करने की कोशिश की. बेहोश छात्राओं को फर्स्ट एड दिया गया. इस पूरी घटना से आयुष पोस्टग्रेजुएट कैंडिडेट्स गुस्से में हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और संबंधित अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं.

Advertisement