Home > राजस्थान > French teacher India visit: फ्रांस की शिक्षिका ने हिंदुस्तानी स्कूल का किया भ्रमण, भारतीय शिक्षा प्रणाली से हुई प्रभावित

French teacher India visit: फ्रांस की शिक्षिका ने हिंदुस्तानी स्कूल का किया भ्रमण, भारतीय शिक्षा प्रणाली से हुई प्रभावित

French teacher India visit: फ्रांस की शिक्षिका एंजेलिक फॉरेस्टियर ने कुचामन सिटी के पीएम श्री राजकीय विद्यालय का भ्रमण कर भारतीय शिक्षा प्रणाली की सराहना की. वे पति अमित कुमावत संग भारत दौरे पर हैं.

By: Preeti Rajput | Published: April 29, 2026 4:56:26 PM IST



French teacher India visit: डीडवाना – कुचामन,  भारत दौरे पर आई फ्रांस के पेरिस में राजकीय विद्यालय की शिक्षिका एंजेलिक फॉरेस्टियर ने डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी स्थित पीएम श्री राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली, शिक्षण पद्धति और सह-शैक्षिक गतिविधियों को करीब से समझा और इसकी सराहना की. फ्रांस के पेरिस के राजकीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका एंजेलिक फॉरेस्टियर इन दिनों अपने पति अमित कुमावत के साथ भारत दौरे पर हैं. अमित कुमावत मूल रूप से डीडवाना कुचामन जिले के निमोद गांव के निवासी हैं और रोजगार के सिलसिले में पेरिस में रहते हैं. दोनों इन दिनों अपने गृह क्षेत्र आए हुए हैं.

फ्रांस की शिक्षिका ने हिंदुस्तानी स्कूल का किया भ्रमण

कुचामन सिटी के पीएम श्री राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर एंजेलिक फॉरेस्टियर ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों—चित्रकला कक्ष, संविधान कक्ष, संगीत कक्ष और स्मार्ट क्लास—का अवलोकन किया. उन्होंने विद्यालय में अनुशासन, विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों का सम्मान ,विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की सक्रियता को सराहा. इस दौरान उन्होंने भूगोल विषय के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें विषय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी दिया. विद्यार्थियों ने भी इस अंतरराष्ट्रीय अनुभव को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया.

छात्रा प्रियंका ने कहा कि मैडम ने हमें भूगोल विषय के बारे में नई जानकारी दी और भविष्य के लिए अच्छे सुझाव दिए. उनका अनुभव हमारे लिए बहुत उपयोगी रहा और हमें उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला. विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने बताया कि यह दौरा विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अवसर रहा, जिससे उन्हें वैश्विक शिक्षा प्रणाली को समझने का मौका मिला. उन्होंने कहा कि आज हमारे विद्यालय के लिए गर्व का दिन रहा, जब पेरिस की शिक्षिका एंजेलिक फॉरेस्टियर ने यहां आकर हमारे शिक्षण कार्यों और गतिविधियों का अवलोकन किया. उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया. यह विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा.

मीडिया से रूबरू हुई शिक्षिका एंजेलिक 

मीडिया से रूबरू हुई शिक्षिका एंजेलिक ने कहा कि फ्रांस और भारत के एजुकेशन सिस्टम में कई समानताएं हैं, लेकिन कई मायनों में भारत का शिक्षा सिस्टम हमसे बेहतर भी है. यहां स्कूलों में अनुशासन काफी अच्छा है.यहां विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड है जो हमारे देश में नहीं है. स्मार्ट क्लास और सह-शैक्षिक गतिविधियां भी प्रभावशाली हैं. विद्यार्थियों को चाहिए कि वे मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यकता अनुसार करें और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें. साथ ही, अंग्रेजी भाषा आज वैश्विक स्तर पर बेहद जरूरी है, इसलिए हर छात्र को इसे अच्छी तरह सीखना चाहिए.”

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement