Abu Road Accident: सिरोही जिले के आबूरोड में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां ट्रेलर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा आबूरोड से अंबाजी मार्ग पर रीको थाना क्षेत्र के सूरपगला के पास हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मृतक की पुलिस ने की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही छापरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की. रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत ने मौके पर टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मामले की जांच के आदेश दिए. पुलिस ने मृतक की पहचान पालनपुर स्थित हीरो होंडा शोरूम के पास निवासी विश्वास परमार के रूप में की है.
हादसे के कारणों की जांच जारी
शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव सुपुर्द किया जाएगा. वहीं हादसे के कारणों की जांच जारी है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.