Didwana Kuchaman Fraud Case: डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर क्षेत्र में एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला फैक्ट्री में भरोसे का फायदा उठाकर लंबे समय से माल के गबन और आर्थिक नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है.
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया और वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में परबतसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रवण सिंह, नवाब अली और टीकम उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया.
दूसरे व्यापारियों और रिटेल ग्राहकों को बेचते थे माल
प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब मकराना निवासी और पेपर इंडस्ट्री संचालक सौरभ लाहोरी ने शनिवार 2 मई को रिपोर्ट दर्ज करवाई. रिपोर्ट में बताया गया कि परबतसर स्थित उनकी डिस्पोजल (दोना-पत्तल) बनाने की फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर उनकी गैरमौजूदगी में लगातार माल का गबन किया. आरोप है कि आरोपी तैयार माल को चोरी-छिपे बाहर निकालकर दूसरे व्यापारियों और रिटेल ग्राहकों को बेचते रहे.
2–3 वर्षों से चल रहा था धोखाधड़ी का काम
घटना का खुलासा 28 अप्रैल की रात हुआ, जब फैक्ट्री के कर्मचारियों ने देखा कि आरोपी राहुल प्रजापत तीन बोरियों में भरा माल छत के रास्ते पड़ोसी प्लॉट में फेंक रहा था. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि पिछले 2–3 वर्षों से सुनियोजित तरीके से माल को चोरी छिपे बेचकर आरोपियों द्वारा करोड़ों रुपये का गबन किया जा रहा था.
जान से मारने की धमकी
मामले में आरोपियों द्वारा धमकी देने की बात भी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपियों ने परिवादी पक्ष को जान से मारने की धमकी दी थी. थानाधिकारी सुमन बुंदेला ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए गए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है.
पुलिस टीम में सुमन बुंदेला पुलिस निरीक्षक, राजेन्द्र प्रसाद सहायक उप निरीक्षक, गोपाल राम सहायक उप निरीक्षक, कमलेश कुमार कांस्टेबल, सोनाथ कांस्टेबल, घनश्याम कांस्टेबल शामिल रहे .
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.