Home > राजस्थान > Rajasthan News: विदेश से ऑपरेट हो रहा था गैंग, व्हाट्सएप कॉल से मांगते थे फिरौती; 3 आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan News: विदेश से ऑपरेट हो रहा था गैंग, व्हाट्सएप कॉल से मांगते थे फिरौती; 3 आरोपी गिरफ्तार

Didwana Kuchaman Crime News: जांच में सामने आया है कि वीरेन्द्र चारण, जो फिलहाल विदेश में रह रहा है, अपने गुर्गों के जरिए स्थानीय व्यापारियों को निशाना बना रहा था.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 23, 2026 10:43:18 PM IST



Rajasthan Extortion Gang Case : राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में संगठित आपराधिक गैंग्स के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है. पुलिस ने रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण गैंग के सक्रिय सदस्यों के खिलाफ अलग-अलग थानों में 4 प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई जिले में बढ़ती रंगदारी और धमकी की घटनाओं को देखते हुए की गई है.

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, कुचामन सिटी, मकराना, परबतसर और लाडनूं थानों में बीएनएस की धारा 111 (2), 111 (3) और 111 (4) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में गोपालदान (22), लिखमाराम उर्फ विक्रम (28) और विकास उर्फ धन्नाराम (30) शामिल हैं. तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और ये पूर्व में फायरिंग जैसी घटनाओं में भी शामिल रह चुके हैं.

विदेश में बैठकर व्यापारियों से मांगी जा रही फिरौती 

जांच में सामने आया है कि वीरेन्द्र चारण, जो फिलहाल विदेश में रह रहा है, अपने गुर्गों के जरिए स्थानीय व्यापारियों को निशाना बना रहा था. विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज भेजकर व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी. इससे पहले भी गैंग द्वारा धमकी के बाद एक व्यापारी की हत्या करवाई जा चुकी है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था.

पुलिस की विशेष टीम ने किया आरोपियों को गिरफ्तार

21 अप्रैल 2026 को मिली खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गैंग लीडर्स के संपर्क में रहकर धनाढ्य लोगों की जानकारी साझा करते थे, जिसके बाद उन्हें निशाना बनाया जाता था.

गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति

पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने कहा कि जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, कुचामन एएसपी विमल सिंह नेहरा ने बताया कि आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश लगातार जारी है.

पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है और गैंग से जुड़े हर व्यक्ति—चाहे वह सहयोगी हो, शरण देने वाला हो या संचार में मदद करने वाला—सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement