Home > राजस्थान > Didwana ATM Robbery: डीडवाना ATM लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मेवात से दबोचा गया; 10 लाख का इनामी था रोबिन

Didwana ATM Robbery: डीडवाना ATM लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मेवात से दबोचा गया; 10 लाख का इनामी था रोबिन

Didwana ATM Robbery: डीडवाना-कुचामन में एटीएम लूट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टॉप-10 इनामी आरोपी रोबिन को गिरफ्तार किया, खुनखुना थाना टीम ने सफलता हासिल की.

By: Preeti Rajput | Published: April 29, 2026 7:03:31 PM IST



Didwana ATM Robbery: डीडवाना-कुचामन जिले में एटीएम लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए  मुख्य आरोपी और टॉप-10 इनामी बदमाश रोबिन को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी जेठू  सिंह के सुपरविजन में खुनखुना थाना टीम ने अहम भूमिका निभाई.

हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड

यह मामला 14 दिसंबर 2025 का है, जब तोषिणा बस स्टैंड के पास स्थित SBI एटीएम को बदमाशों ने तड़के करीब 4 बजे गैस कटर से काटकर उखाड़ लिया था. इस वारदात में 20 लाख 46 हजार 500 रुपये की बड़ी चोरी हुई थी. एटीएम का रखरखाव करने वाली कंपनी हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि मुकेश राव ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया था.

पुलिस ने जिलेभर में की नाकाबंदी 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन जांच शुरू की. टीमों ने घटनास्थल से लेकर मेवात क्षेत्र तक करीब 400 किलोमीटर का दायरा खंगाला और 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई. इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों—उस्मान उर्फ अंधा, वारिस उर्फ लकी और मुस्कान अली—को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है. वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार भी जब्त की जा चुकी थी. अब मुख्य आरोपी रोबिन को हरियाणा के मेवात क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था.

कैसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह वारदात से करीब 10 दिन पहले सुनसान और बिना सुरक्षा वाले एटीएम की रेकी करता था. इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगी लग्जरी कार में गैस कटर, सिलेंडर और अन्य उपकरण लेकर मौके पर पहुंचते थे. सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय किया जाता था और फिर महज 5 से 7 मिनट में एटीएम काटकर नकदी निकाल ली जाती थी. वारदात के बाद सभी आरोपी मेवात पहुंचकर आपस में रकम का बंटवारा कर लेते थे.

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थानाधिकारी मनसीराम बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने काम किया, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक हनुमानराम और कांस्टेबल भजनलाल, रामकिशोर, प्रकाश, गिरधारीलाल, सुरजाराम और छीतरमल शामिल रहे.  पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement