Dholpur Police Arrest: धौलपुर पुलिस ने बडी सफलता हासिल करते हुए बहुचर्चित छात्र नेता नरेश कुशवाह के हत्या काण्ड मामले में 14 साल से फरार चल रहे मुख्य शार्प शूटर (सुपारी किलर) रोबिन सिंह को गिरफ्तार किया. इनामी आरोपी पर महानिरीक्षक भरतपुर रेंज भरतपुर के द्वारा 35 हजार रूपये की ईनाम घोषित थी.
35 हजार रूपये के ईनामी रोबिन सिंह को किया गिरफ्तार
इनामी आरोपी ने अपने साथी सतेन्द्र सिंह पूर्व फौजी के साथ मिलकर 27 दिसम्बर 2012 को छात्र नेता नरेश हत्याकाण्ड को अंजाम दिया था. पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा आरपीएस के सुपरविजन में साईबर सैल धौलपुर टीम पिछले करीब 8 माह से सदर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम आरोपी पर नजर बनाए हुए थी. आरोपी की लोकेशन 8 माह से असम के गढ़मुक्तेश्वर,यूपी के बुलन्दशहर, हापुर, जहांगीराबाद, उत्तर प्रदेश, बिहार,नागालैण्ड, मिजोरम, त्रिपुरा, हाजारीबाग, झारखण्ड,रांची, गया, प.बंगाल, औरंगाबाद, वाराणसी,आदि स्थानों पर दर्ज की गई. पुलिस की सतत मेहनत और साइबर सेल की मदद से नरेश कुशवाहा हत्या कांड का मुख्य आरोपी रोबिन सिंह को उत्तर प्रदेश के हापुड़ गंगा एक्सप्रेस टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया है.
कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी
उक्त प्रकरण में पूर्व में धौलपुर पुलिस ने वारदात में शामिल रहे आरोपीगण सत्येन्द्र सिंह, पूर्व एम.एल.ए. बी.एल.(बनवारी लाल) कुशवाह, शिवराम कुशवाह व जीतू उर्फ जीतेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है . पुलिस अधीक्षक सांगवान ने बताया वारदात के संदर्भ में पुलिस आरोपी से हर एंगल से पूछताछ कर रही है. अनुसंधान के बाद आरोपी को कोर्ट पेश किया जाएगा.
500 टोल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले : नरेश कुशवाहा हत्याकांड की घटना पुलिस के लिए वर्ष 2012 से ही बड़ी चुनौती बनी हुई थी. हत्याकांड के शार्प शूटर रोबिन जाट को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस एड़ी से चोटी तक की ताकत लगा रही थी. पुलिस अधीक्षक ने बताया आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही. साइबर सेल टीम ने हालात परिस्थितियों के मुताबिक वेश बदला, करीब 6000 किलोमीटर का सफर तय कर टोल प्लाजा के 500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को पुलिस ने पहचान लिया.
पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने कई प्रकार के तरीके अपनाए. पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी ने खुद का नाम पता बदलने के साथ बच्चे पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के भी नाम पते बदल लिए. खुद का हुलिया बदलने के लिए आरोपी प्लास्टिक सर्जरी करवाने की फिराक में था.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.