Rajasthan Crime News: राजस्थान के दौसा से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक महिला ने पत्थर से सिर कुचलकर पति की हत्या कर दी. यही नहीं वारदात को अंजाम देने के लिए उसने नाबालिग बेटे को भी साथ ले लिया. शराब के नशे में धुत पति पर ताबड़तोड़ वार किए. इसके बाद बॉडी को मौके पर ही छोड़कर दोनों घर चले गए.
पुलिस ने बताया कि 27 जून को सड़क पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की पहचान 40 साल के युवक की रूप में हुई. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए. शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया.
ससुर ने बहू पर जताया था शक
मृतक के पिता की रिपोर्ट पर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. रिपोर्ट में उन्होंने बेटे की पत्नी पर अवैध संबंध के चलते हत्या करने का शक जताया था. पुलिस जांच में सामने आया कि युवक पिछले कुछ सालों से ससुराल से मिले प्लॉट में घर बनाकर परिवार के साथ रह रहा था.
पत्नी के कथित अफेयर के शक को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था. 27 जून की शाम युवक शराब के नशे में घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ. इसके बाद वह घर से निकल गया.
पत्नी और बेटे ने पीछा कर किया हमला
युवक के घर से निकलने के बाद पत्नी और 13 साल के बेटे ने उसका पीछा किया. घर से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे एक खाली प्लॉट में उसे पकड़ लिया. वहां पत्थरों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे सिर बुरी तरह कुचल गया.
इसके बाद कांच की बोतल से भी सिर पर हमला किया गया. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद मां-बेटा घर लौट गए. रात करीब 9 बजे लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल नाबालिग को डिटेन किया गया है.