Home > राजस्थान > पहले अंकल कहकर बुलाया, फिर कुर्ता फाड़… बीकानेर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट; क्या है पूरा मामला?

पहले अंकल कहकर बुलाया, फिर कुर्ता फाड़… बीकानेर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट; क्या है पूरा मामला?

Bikaner Congress Controversy: बुधवार को वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस उम्मीदवार नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया.

By: Shristi S | Published: September 2, 2026 5:24:39 PM IST



Madan Gopal Meghwal Assaulted: राजस्थान के बीकानेर में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर टिकट और चुनावी सिंबल को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. बुधवार 2 सिंतबर 2026 को वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस उम्मीदवार नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया.

घटना के दौरान कुछ कार्यकर्ता लगातार टिकट चोर के नारे लगाते रहे, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा और अफरा-तफरी मच गई. मौके पर पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला पहुंचे और मामले के बारे में पता किया. मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

कार्यालय उद्घाटन के दौरान भिड़े कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 50 में नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान टिकट वितरण को लेकर नाराज कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंच गए. विरोध बढ़ने पर मदन गोपाल मेघवाल के साथ धक्का-मुक्की और कथित मारपीट हुई. मेघवाल ने आरोप लगाया कि दीपक अरोड़ा के बेटे ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर एक तरफ बुलाया और इसके बाद उनके साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान उनका कुर्ता भी फाड़ दिया गया. आरोपी युवक वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस टिकट का दावेदार रह चुका है.

टिकट चोर के नारों से बढ़ा तनाव

मारपीट की घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस शहर अध्यक्ष के खिलाफ  नारेबाजी करते रहे. टिकट चोर के नारों के बीच कार्यक्रम का माहौल तनावपू्रण हो गया. टिकट और सिंबल को लेकर पहले से चल रहा असंतोष इस घटना के बाद और ज्यादा खुलकर सामने आ गया. 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर निगम चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से जिन उम्मीदवारों के नाम तय किए गए थे और जिन्हें सिंबल जारी किए गए, उनमें बाद में बदलाव किया गया. आरोप है कि कुछ उम्मीदवारों को कथित तौर पर डुप्लीकेट सिंबल जारी किए गए. पार्टी के कुछ कार्यकर्ता इसके लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल मेघवाल को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों के संबंध में संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष और पूरे घटनाक्रम की जांच महत्वपूर्ण होगी.

Advertisement