राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेरहम जीजा पर अपनी ही 18 वर्षीय साली की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोपी ने दुनाली बंदूक से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज दो घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा. बताया जा रहा है कि मृतका अपनी बहन के साथ, उसके ससुराल में रह रही थी. गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में रेखा की मौत हो गई. जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, तो पता चला कि उसकी मौत गोली लगने से हुई है. मृतका के पिता पप्पू की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी किशन और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जीजा पर सबूत और शव को ठिकाने के लगाने का भी आरोप है.
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, मामला भीलवाड़ा के बनेड़ा थाना क्षेत्र के आमली गांव का है. यहां रहने वाली 18 वर्षीय रेखा अपनी बहन सीता और उसके पति किशन कालबेलिया के साथ ही रहती थी. पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे किशन ने दुनाली बंदूक से रेखा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
शाम को जब पुलिस को सूचना मिली कि किशन के घर पर उसकी साली की अचानक मौत हो गई है, तो थाना प्रभारी ओमप्रकाश कसानिया अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. घर के अंदर रेखा का शव देखकर पुलिस को शक हुआ और जब गहराई से जांच की गई, तो सामने आया कि उसकी मौत किसी बीमारी से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई है.
दरिंदगी की कोशिश, एक्सीडेंट का बहाना
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में पुलिस ने जांच के आधार पर बताया कि 18 साल की साली बड़ी बहन और जीजा के पास रहकर मजदूरी करती थी. इस वारदात से पहले 30 जुलाई की शाम करीब 7 बजे मृतका की बहन (आरोपी की पत्नी) ने अपने पिता को फोन पर जानकारी दी कि इसका पति छोटी बहन पर गलत नजर रखता है. उसके साथ दरिंदगी की भी कोशिश करता रहता है. लेकिन जब जीजा अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया तो दोनाली बंदूक से साली के सीने और पीठ में फायर कर दिया. उसने खुद अपने ससुर को फोन करके गुमराह किया कि साली की एक्सीडेंट से मौत हो गई है.
2 घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी जीजा
घटना के बाद पुलिस का शक सीधे तौर पर घर के ही सदस्य यानी जीजा किशन कालबेलिया पर गहरा गया. पुलिस ने बिना देर किए आरोपी की तलाश शुरू की और अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर महज 2 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया. और उसके पास से साली की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है.
मृतका के पिता पप्पू की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी किशन और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस खौफनाक हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- पति ने पकड़ा अवैध संबंध, तो प्रेमी का ही कर दिया खेल खत्म; लाश के साथ की ऐसी बर्बरता, बदबू आने पर खुला राज़!