Alwar Highway Accident: राजस्थान के अलवर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहे मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के एक परिवार की कार में अचानक आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है.
कुछ ही क्षणों में पूरी गाड़ी आग का गोला बनी
जानकारी के अनुसार, श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव निवासी परिवार जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहा था. परिवार की मुखिया पार्वती बाई की बीमारी ठीक होने पर मन्नत पूरी करने के लिए सभी सदस्य दर्शन करने गए थे. लौटते समय अलवर जिले के मौजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर उनकी कार में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. देखते ही देखते कार में भीषण आग भड़क उठी और कुछ ही क्षणों में पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई.
हादसे में संतोष आदिवासी, उनकी पत्नी सुशीला उर्फ शशि आदिवासी (34), बेटी साक्षी (9), संतोष की सास पार्वती बाई, तथा छोटी बाई (70) की मौके पर ही मौत हो गई. कार चला रहे ड्राइवर विनोद मेहरा, निवासी नागदा, ने जान बचाने के लिए खिड़की से छलांग लगा दी थी, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
सीएनजी सिस्टम के कारण तेजी से फैली आग
अलवर एएसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि रात करीब 11:15 बजे कार में आग लगने की सूचना मिली थी. फायर ब्रिगेड की टीम 11:30 बजे मौके पर पहुंची और लगभग 15 मिनट में आग पर काबू पाया. प्रारंभिक आशंका है कि कार में लगे सीएनजी सिस्टम के कारण आग तेजी से फैली.
घटना की सूचना मिलते ही श्योपुर में मृतकों के घरों पर मातम पसर गया. प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी. श्योपुर तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है. यह हादसा न केवल श्योपुर, बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर गया है. मन्नत पूरी होने की खुशी में निकला परिवार कभी वापस नहीं लौट सका.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.