क्या छाछ हर किसी के लिए फायदेमंद है? जानिए किन लोगों को करना चाहिए परहेज
Who should not drink buttermilk: गर्मियों में छाछ शरीर को ठंडक पहुंचाने और पाचन बेहतर बनाने के लिए सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थों में से एक मानी जाती है. हालांकि, हर व्यक्ति के लिए छाछ फायदेमंद हो यह जरूरी नहीं है. कुछ स्वास्थ्य समस्याओं में छाछ पीना फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में जानिए किन लोगों को छाछ पीने से बचना चाहिए और कब इसका सेवन करने में सावधानी बरतनी चाहिए.
गर्मियों का सुपर ड्रिंक, लेकिन हर किसी के लिए नहीं
गर्मियों में छाछ पीना शरीर को ठंडक देता है और पाचन को बेहतर बनाता है. लेकिन कुछ लोगों के लिए इसका सेवन नुकसानदायक भी साबित हो सकता है. इसलिए अपनी सेहत के अनुसार ही छाछ का सेवन करें.
सर्दी-खांसी में भूलकर भी न पिएं छाछ
छाछ की तासीर ठंडी मानी जाती है. यदि आपको सर्दी, खांसी या बलगम की समस्या है तो छाछ पीने से परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में इससे परहेज करना बेहतर माना जाता है.
जोड़ों के दर्द वालों को बरतनी चाहिए सावधानी
जिन लोगों को गठिया या जोड़ों में दर्द की शिकायत रहती है, उन्हें छाछ का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए. कुछ मामलों में यह समस्या को बढ़ा सकती है.
त्वचा की एलर्जी और खुजली में हो सकता है नुकसान
अगर आपको त्वचा पर रैशेज, खुजली या एलर्जी की समस्या रहती है तो छाछ पीने से पहले सावधानी बरतें. कुछ लोगों में यह समस्याएं ट्रिगर हो सकती हैं.
किडनी रोगियों के लिए सही नहीं है छाछ
छाछ में सोडियम और प्रोटीन मौजूद होते हैं. जिन लोगों की किडनी कमजोर है या किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बिना छाछ नहीं पीनी चाहिए.
लैक्टोज इंटॉलरेंस वाले रहें सतर्क
हालांकि छाछ में दूध के मुकाबले कम लैक्टोज होता है, लेकिन गंभीर लैक्टोज इंटॉलरेंस वाले लोगों को इसके सेवन से गैस, पेट दर्द और मरोड़ की शिकायत हो सकती है.
रात में छाछ पीना क्यों नहीं माना जाता सही?
विशेषज्ञों के अनुसार रात के समय छाछ पीने से गले में खराश या बलगम की समस्या बढ़ सकती है. इसलिए छाछ का सेवन दिन के समय करना ज्यादा बेहतर माना जाता है.
ऐसे पिएंगे छाछ तो मिलेगा ज्यादा फायदा
छाछ में भुना जीरा, काला नमक और हल्के मसाले मिलाकर पीना फायदेमंद माना जाता है. इससे पाचन बेहतर होता है और पेट को अतिरिक्त लाभ मिलता है.