‘ठुकरा के मेरा प्यार’ से लेकर इंदौरी इश्क तक, प्यार और बदले की कहानी बयां करती हैं वेब सीरीज
Love, Betrayal and Revenge Web Series: प्यार की कहानी हमेशा मुकम्मल हो, ये जरूरी नहीं. कभी मोहब्बत अधूरी रह जाती है, कभी रिश्तों में धोखा मिलता है और कभी दिल टूटने के बाद वही प्यार बदले की आग में बदल जाता है. ओटीटी की दुनिया में ऐसी कई वेब सीरीज आई हैं, जिन्होंने इश्क के खूबसूरत पहलू के साथ-साथ उसके दर्द, जुनून और इंतकाम को भी पर्दे पर बखूबी उतारा है. कुछ कहानियों में प्रेमी अपने प्यार को पाने के लिए हर हद पार करते नजर आए, तो कुछ में ठुकराए जाने के बाद कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि मोहब्बत से ज्यादा बदला अहम हो गया. ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ से लेकर ‘इंदौरी इश्क’ तक, आइए नजर डालते हैं उन वेब सीरीज पर, जहां प्यार सिर्फ एहसास नहीं बल्कि पूरी कहानी की सबसे बड़ी वजह बन जाता है.
ठुकरा के मेरा प्यार
ठुकरा के मेरा प्यार एक एक लोकप्रिय रोमांटिक-थ्रिलर वेब सीरीज है. ये सीरीज डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम होती है. इस सीरीज में धवल ठाकुर, संचिता बसु, अनिरुद्ध दवे पलक जैन, गोविंद पांडे और सुशील पांडे जैसे कलाकार हैं. फिल्म की कहानी सितारपुर पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां कुलदीप और शान्विका के बीच प्यार की शुरुआत होती है. हालांकि बाद में हालात बदलते हैं और प्यार नफरत और धोखे में बदल जाता है. इसके दो सीजन रिलीज हो चुके हैं.
इंदौरी इश्क
इंदौरी इश्क में रित्विक सहोरे, वेदिका भंडारी और आशय कुलकर्णी मुख्य किरदार हैं. ये वेब सीरीज एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई थी. इसकी कहानी इंदौर के एक स्कूली लड़के कुणाल से शुरू होती है. वो अपनी क्लासमेट तारा से एकतरफा प्यार करता है. वो उसे प्रपोज करता है और काफी कोशिशों के बाद तारा उसका प्रस्ताव स्वीकार कर लेती है. स्कूल के बाद कुणाल आगे की पढ़ाई और नेवी की तैयारी के लिए मुंबई जाता है. इसी बीच उसे पता चलता है कि तारा उसे धोखा दे रही है. ये जानकर वो टूट जाता है और शराब पीने लगता है. साथ ही वो पढ़ाई और करियर से बी भटक जाता है.
ब्रोकेन बट ब्यूटिफुल
ब्रोकन बट ब्यूटीफुल एकता कपूर का एक लोकप्रिय रोमांटिक ड्रामा वेब सीरीज है. इसके पहले और दूसरे पार्ट में विक्रांत मैसी और हरलीन सेठी हैं. इसके तीसरे सीजन में सिद्धार्थ शुक्ला और सोनिया राठी अहम किरदार में हैं. पहले और दूसरे पार्ट में वीर और समीरा मुंबई में मिलते हैं. वहीं तीसरे पार्ट में अगस्त्य और रूमी की लव स्टोरी है, जिसमें प्यार, अहम, और अधूरेपन की कहानी दिखाई गई है.
दिल, धोखा और डिज़ायर
दिल धोखा और डिज़ायर में आकांक्षा चमोला, कुंवर अमरजीत सिंह और अली हसन मुख्य भूमिकाओं में हैं. ये एक छोटे शहर के बॉक्सर की कहानी है, जो खतरनाक और जटिल दुनिया में फंस जाता है. उसे एक रईस व्यापारी की पत्नी की रक्षा करने की जिम्मेदारी मिलती है. काम के बीच उसकी डिज़ायर सामने आती हैं. इससे कहानी में प्यार, वफादारी और धोखा दिखाया जाता है.
द ट्रायल- प्यार, कानून, धोखा
बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल स्टारर द ट्रायल - प्यार, कानून, धोखा एक कानूनी ड्रामा वेब सीरीज है. ये प्रसिद्ध अमेरिकी शो 'द गुड वाइफ' का भारतीय रूपांतरण है. इसकी कहानी नयनिका सेनगुप्ता (काजोल) के इर्द-गिर्द घूमती है. उसके पति राजीव सेनगुप्ता एक जज हैं. राजीव एक बड़े सेक्स स्कैंडल और रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार हो जाते हैं. इसके बाद परिवार के बैंक खाते सीज हो जाते हैं. नयनिका पर अपने बच्चों की जिम्मेदारी आ जाती है. हालात से मजबूर होकर नयनिका सालों बाद दोबारा वकालत शुरू करती है और अपने पुराने दोस्त की लॉ फर्म में बतौर जूनियर लॉयर काम पाती है. यहां उसे नए-नए मामलों का सामना करना पड़ता है.