17 की उम्र में छोड़ा क्रिकेट, आर्किटेक्ट बनने निकला… 7 साल बाद लौटते ही मचाई तबाही, बन गया ‘मिस्ट्री स्पिनर’
Varun Chakravarthy Birthday: भारतीय टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आज (29 अगस्त) अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं. वरुण चक्रवर्ती मौजूदा समय में भारतीय टी20 इंटरनेशनल टीम का अहम हिस्सा हैं. पिछले कुछ सालों में उन्होंने आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. वह इस साल मार्च में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे. आपको जानकर हैरानी होगी कि वरुण चक्रवर्ती इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने से पहले आर्किटेक्ट थे, लेकिन अचानक उनकी जिंदगी ने मोड़ लिया और सबकुछ बदल गया. पढ़ें वरुण चक्रवर्ती के मिस्ट्री स्पिनर बनने की कहानी…
17 साल की उम्र में छोड़ा क्रिकेट
वरुण चक्रवर्ती ने 13 साल की उम्र में एक विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलना शुरू किया था. उन्होंने जूनियर लेवल पर खूब क्रिकेट खेला, लेकिन उन्हें लगातार रिजेक्शन मिलते रहे. आखिरकार निराश होकर वरुण ने 17 साल की उम्र में क्रिकेट छोड़ दिया और अपनी पढ़ाई पर फोकस करने लगे.
आर्किटेक्चर की ली डिग्री
क्रिकेट छोड़ने के बाद वरुण चक्रवर्ती ने चेन्नई की SRM यूनिवर्सिटी से आर्किटेक्चर में 5 साल की डिग्री ली. इसके बाद वे एक कंपनी में आर्किटेक्ट के तौर पर नौकरी करने लगे, लेकिन उनके दिल में अभी भी क्रिकेट के लिए पुराना प्यार जिंदा था.
7 साल बाद की वापसी
करीब 7 साल तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद 25 साल की उम्र में एक बार फिर वरुण चक्रवर्ती के दिल में क्रिकेट का प्यार जाग उठा. उन्होंने फिर से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया. पहले उन्होंने तमिलनाडु प्रीमियर लीग में जगह बनाई. उनकी इसके बाद अपनी शानदार गेंदबाजी के चलते उन्हें IPL 2018 में बतौर नेट बॉलर बुलाया गया.
IPL में कैसे हुई एंट्री?
वरुण चक्रवर्ती ने साल 2018 में घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए डेब्यू किया. उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट और लिस्ट-ए में अपनी गेंदबाजी से सभी को खूब प्रभावित किया. इसके बाद उन्हें अगले साल IPL ऑक्शन में वरुण पर बड़ी बोली लगी. पंजाब किंग्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीद लिया, लेकिन उन्हें सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला.
KKR को बनाया चैंपियन
IPL 2020 में वरुण चक्रवर्ती कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में शामिल हुए. उन्होंने इस सीजन में 17 विकेट लिए और फिर 2021 में 18 विकेट चटकाए. वह आईपीएल में केकेआर के मुख्य स्पिनर बन गए. अपने धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर वरुण ने टीम इंडिया में अपनी जगह बना ली.
भारत टीम से हुए ड्रॉप
वरुण चक्रवर्ती को साल 2021 टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में चुना गया. इस टूर्नामेंट में वरुण बुरी तरह फ्लॉप हुए और 3 मैचों में कोई विकेट नहीं ले पाए. इसके चलते उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया.
भारत को बनाया चैंपियन
इसके बाद भी वरुण चक्रवर्ती ने हार नहीं मानी. उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करके फिर से टीम इंडिया में वापसी की. 2024 में वापसी करने के बाद उन्होंने भारत के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया. 2026 में उन्होंने भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप भी जीता.