भारत को जिताया विश्व कप, फिर अचानक हुआ गायब! 14 साल बाद कहां है ये भारतीय स्टार, कोहली को देता था टक्कर
Unmukt Chand: 26 अगस्त का दिन भारतीय क्रिकेट में काफी खास है. 14 साल पहले इसी दिन भारत की युवा टीम ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराकर अंडर-19 का खिताब जीता था. उस समय टीम इंडिया की कप्तानी युवा बल्लेबाज उन्मुक्त चंद के हाथों में थी. उन्मुक्त चंद ने फाइनल के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 111 रनों की पारी खेली थी और भारत को तीसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जिताया था. उन्मुक्त चंद को भारतीय क्रिकेट का नया स्टार माना जा रहा था, लेकिन वह अचानक गुमनामी का शिकार हो गए. अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने कभी भारत के लिए नहीं खेला और साल 2021 में संन्यास ले लिया. जानें अभी कहां हैं उन्मुक्त चंद…
सोशल मीडिया पर शेयर की वीडियो
26 अगस्त, 2026 को उन्मुक्त चंद ने सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो शेयर की. इसमें उन्होंने बताया कि पिछले 14 साल उनके लिए किसी वनवास की तरह रहे हैं, जिसमें उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला. उन्होंने कहा कि वह आज भी ट्रेनिंग करते हैं और उन्हें खुद पर विश्वास है. उन्होंने साफ कहा कि उनकी जर्नी अभी खत्म नहीं हुई है.
कहां पर हैं उन्मुक्त चंद?
उन्मुक्त चंद ने साल 2021 में ही सिर्फ 28 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद वे अमेरिका में जाकर बस गए. अमेरिका में उन्होंने माइनर लीग क्रिकेट खेली और सिलिकॉन वैली स्ट्राइकर्स के साथ डील साइन की. उन्होंने सिलिकॉन वैली स्ट्राइकर्स को चैंपियन बनाया.
IPL में कैसा रहा प्रदर्शन?
उन्मुक्त चंद ने आईपीएल में 3 अलग-अलग टीमों के लिए खेला. IPL में उन्मुक्त ने कुल 21 मैच खेले, जिसमें सिर्फ 15.00 की औसत से 300 रन ही बना पाए. IPL 2013 में ऑस्ट्रेलिया दिग्गज ब्रेट ली ने उन्मुक्त चंद को मैच की पहली गेंद पर आउट कर दिया, जो उनके करियर का बड़ा सेटबैक माना जाता है.
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में भी उन्मुक्त चंद का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने दिल्ली और फिर उत्तराखंड दोनों टीमों के लिए खेला. उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर में सिर्फ 31.58 का औसत रहा, जिससे उन्हें भारत की सीनियर टीम में कभी मौका नहीं मिल पाया.
कोहली से होती थी तुलना
करियर के शुरुआती दिनों में उन्मुक्त चंद को टीम इंडिया का अगला स्टार माना जाता था. उनकी तुलना भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली से की जाती थी. हालांकि आज वो गुमनामी में जी रहे हैं.
अब किस टीम के लिए खेल रहे उन्मुक्त?
मौजूदा समय में उन्मुक्त चंद मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं. वह यूएसए के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना चाहते हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मौका नहीं मिल पाया है.