Injury Tracker: टीम इंडिया पर ‘इंजरी संकट’, दनादन चोटिल हो रहे स्टार खिलाड़ी, देखें पूरी लिस्ट
Team India Injury Tracker: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंजरी संकट से जूझ रही है. एक के बाद एक खिलाड़ी चोट की वजह से टीम से बाहर हो रहे हैं. इस लिस्ट में नया नाम स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम जुड़ा है, जो घुटने की समस्या के चलते बाहर हो गए हैं. उनके अलावा अन्य कई अहम खिलाड़ी भी चोट से जूझ रहे हैं. इसके चलते श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया के कोच और कप्तान की चिंता बढ़ गई है. इसको लेकर बीसीसीआई भी जल्द ही रिव्यू मीटिंग कर सकता है. इससे पहले आइए जानते हैं कि कौन-कौन से खिलाड़ी चोटिल हैं?
जसप्रीत बुमराह
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. वह घुटने की चोट से अभी पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं. टेस्ट सीरीज के लिए बुमराह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, जिसके चलते उन्हें स्क्वाड से बाहर कर दिया गया है. बुमराह को इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी.
हर्षित राणा
भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं. हर्षित राणा ने टी20 वर्ल्ड कप और आईपीएल 2026 मिस करने के बाद इंग्लैंड दौरे पर वापसी की थी. हालांकि वह फिर से चोटिल हो गए. इसके चलते वह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो गए.
वाशिंग्टन सुंदर
भारतीय स्पिन ऑलराउंडर वाशिंग्टन सुंदर को भी इंग्लैंड दौरे पर चोट लगी थी. दूसरे वनडे मैच में सुंदर की दाहिने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. इसके चलते वह अगले वनडे से बाहर हो गए थे. इसके बाद वह श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए फिट न होने के कारण उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते उन्हें स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया.
नीतीश रेड्डी
भारत के उभरते स्टार ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी बाईं क्वाड्रिसेप्स की गंभीर चोट से जूझ रहे हैं. वह श्रीलंका दौरे से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहला वनडे मैच खेला था, जिसके बाद आराम दिया गया था. फिर तीसरे मैच में मैदान पर उतरने के बाद उनकी इंजरी गंभीर हो गई. इसके चलते वह इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं गए थे. फिलहाल वह अपनी चोट से रिकवर कर रहे हैं.
हार्दिक पांड्या
भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अभी अपनी चोट से रिकवर कर रहे हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 के बाद अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है. आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक पांड्या की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग) और पीठ में जकड़न की समस्या हुई थी. फिलहाल वो अपनी पूरी फिटनेस हासिल करने के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं.
साई सुदर्शन
भारत के बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन भी श्रीलंका दौरे के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं. हालांकि उन्हें भारतीय टीम की स्क्वाड में शामिल किया गया है, लेकिन वे फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही खेल पाएंगे. साई सुदर्शन पैर की उंगली में चोट से जूझ रहे हैं.
वरुण चक्रवर्ती
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी बाएं पैर की ग्रेड 2 हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं. वह आयरलैंड दौरे पर नहीं खेल पाए थे. फिर इंग्लैंड दौरे पर वापसी की थी, लेकिन सिर्फ 3 मैचों के बाद दोबारा इंजर्ड हो गए. फिलहाल वे भी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं.