टीम इंडिया की 5 बड़ी गलतियां, जो जिम्बाब्वे में बन सकती हैं हार की वजह, श्रेयस अय्यर फिर कराएंगे बेइज्जती!
Team India 5 Mistakes: इंग्लैंड दौरा खत्म होने के बाद भारतीय टीम 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए जिम्बाब्वे पहुंच गई है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से यह सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अपनी पहली जीत के लिए मैदान पर उतरेगी. अय्यर की कप्तान में अभी तक भारत ने 8 मैच खेले हैं, जिनमें 7 हार मिली है. भारत को पहले आयरलैंड से क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी, जिसके बाद इंग्लैंड में 0-4 से व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ा. इन दोनों सीरीज में भारतीय टीम ने कई गलतियां कीं, जिन्हें जिम्बाब्वे में सुधारना होगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो वहां पर भी भारत को उलटफेर का सामना करना पड़ सकता है.
टॉप ऑर्डर की नाकामी
भारतीय टी20 टीम की टॉप ऑर्डर पिछली 2 सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप रहा है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा बुरी तरह फ्लॉप रहे. इसके अलावा 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी इंग्लैंड में कुछ कमाल नहीं दिखा पाए. ऐसे में भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर को रन बनाने होंगे.
भारत की कमजोर फील्डिंग
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम की फील्डिंग में साफ कमी दिखाई दी. खासकर इंग्लैंड में भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े, जिसके चलते उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में जिम्बाब्वे में इन गलतियों को सुधारना होगा.
अनुभव की कमी
भारतीय टीम में अनुभव की कमी साफ दिखाई दे रही है. संजू सैमसन, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं. उनकी जगह प्रभसिमरन सिंह, अशोक शर्मा और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का एक्सपीरियंस नहीं है.
ऑलराउंडर की कमी
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम की तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की कमी साफ तौर पर खली. हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी चोटिल होने की वजह से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. हालांकि शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे स्क्वाड में मौजूद हैं, लेकिन उन दोनों ने अभी निराशाजनक प्रदर्शन किया है. खासकर सूर्यांश शेडगे फ्लॉप रहे हैं, जिन्होंने आयरलैंड में अपना डेब्यू किया था.
कप्तानी में नहीं दिख रही धार
इस दौरे पर श्रेयस अय्यर एक बार फिर भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे. पिछली दो सीरीज में उनकी कप्तानी में वो धार नजर नहीं आई है, जिसकी टी20 में सबसे ज्यादा जरूरत होती है. वह टीम के खिलाड़ियों के साथ सही से तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं.
भारत-जिम्बाब्वे सीरीज का शेड्यूल
इस सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टी20 मैच 25 जुलाई को होगा, जबकि 26 जुलाई को तीसरा मुकाबला खेला जाएगा. ये सभी मुकाबले हरारे के स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे, जो भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे.
टीम इंडिया की स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह.